हापुड़ के कृष्णानगर और शक्तिनगर में जल निकासी की समस्या से स्थानीय लोग नाराज थे। नगर पालिका परिषद प्रशासन ने मौके पर निरीक्षण किया। चेयरमैन पुष्पा देवी के पति श्रीपाल सिंह ने इंजीनियरों के साथ लोगों की समस्याएं सुनीं और स्थायी समाधान का भरोसा दिलाया। वार्ड 37 में शक्तिनगर के मुख्य मार्ग पर सड़क और नाली का निर्माण होना है। आरोप है कि निर्माण के दौरान दशकों पुरानी जल निकासी की दिशा बदली जा रही थी। इससे कृष्णानगर और शक्तिनगर के करीब 500 मकानों में जलभराव का डर है। विरोध में लोगों ने ठेकेदार को काम रोकने को कहा। मनोज भारद्वाज, डॉ. वंदना वशिष्ठ और विजय गिरी समेत अन्य ने यह मामला नगर पालिका प्रशासन को बताया। श्रीपाल सिंह ने निर्देश दिए कि जल निकासी की व्यवस्था ऐसी हो, जिससे किसी मकान में पानी न भरे।

