आजमगढ़ जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र के टेढ़ीया मस्जिद के पास सड़क पर एक युवक की सरेराह पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ युवक हॉकी और डंडों से एक युवक को घेरकर उसके साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। घटना दिन के समय की है। सड़क पर युवक के साथ मारपीट होती देख मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। वीडियो में कुछ लोग घटना को देखते नजर आ रहे हैं, जबकि हमलावर युवक पर लगातार डंडे बरसाते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान किसी राहगीर ने घटना का वीडियो मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वायरल वीडियो में युवक के शरीर पर चोट के निशान भी दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, मारपीट की वजह और घटना में शामिल लोगों की पहचान के संबंध में अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पीड़ित की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा जांच में जुटी पुलिस
इस बारे में क्षेत्राधिकारी शुभम तोदी ने बताया कि पीड़ित सुमित गुप्ता की तहरीर पर तीन आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। घटना में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

