रायबरेली में सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की शाखा ने 29 सितंबर 2026 को दिन मंगलवार दोपहर 12:00 प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन आठवें वेतन आयोग में 1 जनवरी 2026 से पहले के पेंशनरों को शामिल करने सहित 12 सूत्रीय मांगों को लेकर था। एसोसिएशन के संरक्षक बी.एन. यादव और जिलाध्यक्ष रवींद्र कुमार श्रीवास्तव ने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी रायबरेली को सौंपने की बात कही है। पेंशनरों के पेंशन में बदलाव नहीं किया गया पदाधिकारियों ने बताया कि सरकार ने 16 जनवरी 2025 को आठवें वेतन आयोग की घोषणा की थी। लेकिन 25 मार्च 2025 को एक कानून बनाकर 1 जनवरी 2026 से पहले और बाद के पेंशनरों की पेंशन में अंतर कर दिया गया। 3 नवंबर 2025 को जारी नोटिफिकेशन में भी 1 जनवरी 2026 से पहले सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों के पेंशन में बदलाव नहीं किया गया। पेंशनरों का कहना है कि चौथे से सातवें वेतन आयोग तक कभी कर्मचारियों और पेंशनरों को अलग नहीं किया गया था। इस भेदभाव के खिलाफ 22 अप्रैल 2025 और 15 जुलाई 2025 को भी देश भर में प्रदर्शन हुए थे।

