सीतापुर में सोमवार शाम तालाब में 23 वर्षीय युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। युवती घर से खेत जाने के लिए निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने तलाश शुरू की तो उसका शव गांव के तालाब में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामला इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के ढोलई कला गांव का है। खेत जाने के बाद नहीं लौटी युवती ढोलई कला गांव निवासी सन्तू की 23 वर्षीय बेटी सरोजनी सोमवार को घर से खेतों की ओर गई थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान गांव के तालाब में सरोजनी का शव मिला। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव बाहर निकलवाकर जांच की ग्रामीणों ने घटना की सूचना इमलिया सुल्तानपुर पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ परिजनों से भी घटना की जानकारी ली। पुलिस की शुरुआती जांच में युवती की मौत डूबने से होने की बात सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि खेत जाते समय तालाब के पास पैर फिसलने से युवती गहरे पानी में चली गई होगी। हालांकि, मौत के कारण की अंतिम पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी। थानाध्यक्ष आशीष तिवारी ने बताया कि युवती की मौत डूबने से हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगा।

