मेरठ के बाजारों में लगेंगे काले झंडे: नवीन गुप्ता:सीलिंग-ध्वस्तीकरण का विरोध करेंगे व्यापारी, जल्द मेडा के घेराव की तारीख का होगा ऐलान

मेरठ के बाजारों में लगेंगे काले झंडे: नवीन गुप्ता:सीलिंग-ध्वस्तीकरण का विरोध करेंगे व्यापारी, जल्द मेडा के घेराव की तारीख का होगा ऐलान

मेरठ में लगातार चल रही सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के विरोध में संयुक्त व्यापार संघ ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। संयुक्त व्यापार संघ द्वारा व्यापारियों और इस प्रकरण से प्रभावित लोगों के साथ एक बैठक सोमवार को आयोजित की गई। अध्यक्ष नवीन गुप्ता ने कहा कि संगठन केंद्र सरकार से मांग करेगा कि सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को लेकर अध्यादेश लाया जाए और प्रभावित लोगों को राहत दी जाए। उन्होंने कहा कि व्यापारी हित में संगठन चरणबद्ध तरीके से आंदोलन चलाएगा। नवीन गुप्ता ने कहा कि संयुक्त व्यापार संघ न तो किसी सरकार के विरोध में है और न ही किसी सरकार या राजनीतिक दल के समर्थन में। संगठन का उद्देश्य केवल व्यापारियों के हित में आवाज उठाना है। उन्होंने कहा कि आंदोलन पूरी तरह कानून के दायरे में रहकर चलाया जाएगा, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। नवीन गुप्ता ने कहा कि सीलिंग की कार्रवाई के विरोध में सोमवार से ही बाजारों और घरों पर काले झंडे लगाने का अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो लोग इसका विरोध करना चाहते हैं, वे कर सकते हैं, लेकिन संयुक्त व्यापार संघ अपना आंदोलन जारी रखेगा। प्रदर्शन की तारीखों की घोषणा एक-दो दिन में की जाएगी। उन्होंने बताया कि आंदोलन के पहले चरण में अलग-अलग बाजारों में अलग-अलग दिन जुलूस और प्रदर्शन किए जाएंगे। इसके बाद मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) की ओर से सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की गई 16,726 लोगों की सूची के विरोध में एमडीए कार्यालय पर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अन्य संगठनों ने भी आंदोलन की घोषणा की थी। कुछ संगठनों के पदाधिकारी बैठकों के बाद पीछे हटे हैं या नहीं, यह उनका विषय है। संयुक्त व्यापार संघ अपना आंदोलन अपने बैनर तले चलाएगा। जो संगठन या लोग समर्थन देना चाहेंगे, उनका स्वागत किया जाएगा। किसी का विरोध नहीं किया जाएगा। नवीन गुप्ता ने कहा कि संगठन का उद्देश्य भारत सरकार तक व्यापारियों की मांग पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आंदोलन शांतिपूर्ण और कानून के दायरे में रहकर किया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *