आगरा के मंडी समिति के सामने रविवार शाम एक सड़क हादसे में 32 साल के शाहरुख शेख की मौत हो गई। तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बुलेट बाइक को पीछे से टक्कर मारी और करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। शाहरुख का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। शाहरुख ने एक साल पहले पिंकी से प्रेम विवाह किया था। इस हादसे से पिंकी की दुनिया उजड़ गई। पति का शव देखकर वह बदहवास होकर रोने लगी। परिवार में मातम पसर गया। शाहरुख सिकंदरा क्षेत्र की रंगोली कॉलोनी, दहतोरा के रहने वाले थे। वह जूते की कंपनी में ठेकेदारी का काम करते थे। बड़े भाई कल्लू ने बताया कि शाहरुख किसी निजी काम से शाहदरा चुंगी गए थे और लौटते समय यह हादसा हुआ। हादसे के बाद बस चालक मौके से आईएसबीटी की ओर भाग गया। एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

