जोधपुर के एक गांव में अवैध ब्लास्टिंग और खनन से घरों में दरारें आ गई। शिकायत के बाद सोमवार को जोधपुर विकास प्राधिकरण की विजिलेंस टीम ने बुझावड़ गांव में कार्रवाई की, जहां मौके पर कार्रवाई करते हुई टीम ने JCB समेत चार वाहनों को जब्त किया। इनमें कुछ वाहन बिना नंबर के भी मिले। मामले में ब्लास्टिंग की अनुमति और वाहनों से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। तहसीलदार जोन-4 डूंगरमल पुरोहित ने बताया कि सचिव चंचल वर्मा और मुख्य नियंत्रक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनिता के निर्देश पर टीम गांव पहुंची थी। अवैध खनन और ब्लास्टिंग से आसपास के रहवासी मकानों में दरारें आने की विभिन्न शिकायतों की जांच के दौरान मौके पर एक जेसीबी, एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और दो ट्रैक्टर कम्प्रेशर सहित बिना नंबर के वाहन पाए गए। सभी वाहनों को जब्त कर एएसआई, पुलिस थाना बोरानाडा को सुपुर्द किया गया। कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन निरीक्षक योगेश गहलोत और संजय सांदड़, भू-अभिलेख निरीक्षक पृथ्वीराज चारण, पटवारी गीता चौधरी एवं अभिषेक टाक सहित जेडीए का दस्ता मौजूद रहा। अवैध खनन स्थलों की लगातार निगरानी जेडीए आयुक्त राहुल जैन ने सभी जोन उपायुक्त एवं प्रभारी अधिकारियों को जोनवार निरंतर मॉनिटरिंग करने, अवैध खनन स्थलों और अवैध कॉलोनियों को चिह्नित कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। तहसीलदार जोन-4 डूंगरमल पुरोहित के निर्देशन में प्रवर्तन अधिकारी जोगेंद्र सिंह चौधरी के नेतृत्व में टीम ने ग्राम बुझावड़ में प्राधिकरण स्वामित्व की भूमि के खसरों का मौका निरीक्षण एवं गश्त भी की। गश्त के दौरान खसरा संख्या 18 की भूमि पर लगा एक सीसीटीवी कैमरा और सौर ऊर्जा प्लेट को अवैध गतिविधियों से संबंधित सबूत के तौर पर जब्त किया गया है। वहीं तहसीलदार जोन-3 कैलाश इणानिया ने बताया कि अवैध खनन की रोकथाम के लिए नियमित कार्रवाई एवं गश्त के दौरान ग्राम नन्दवान में प्राधिकरण स्वामित्व के खसरा संख्या 569 में अवैध खनन से संबंधित निशान पाए गए। जेडीए दस्ते ने राजस्व ग्राम सालावास के खसरा संख्या 461 में अवैध अतिक्रमणों की प्राप्त शिकायतों पर भी मौका निरीक्षण कर प्रकरणों का निस्तारण किया। अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनन स्थलों का मौका निरीक्षण करते हुए नियमानुसार सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

