बारां के समरानियां इलाके में वन विभाग ने सोमवार को कार्रवाई की। विभाग ने करीब 60 बीघा वन भूमि को अतिक्रमण से खाली कराया। यह कार्रवाई उप वन संरक्षक विवेकानंद माण्डिकराव और सहायक वन संरक्षक मोहम्मद हाफिज के निर्देश पर हुई। केलवाड़ा क्षेत्रीय वन अधिकारी देवराज सुमन के नेतृत्व में टीम ने नाका समरानिया के तहत वनखंड रातई के गूडरमाल गांव में छापा मारा। मौके पर 40 बीघा वन भूमि पर मक्का की फसल बोई हुई मिली। वहीं, 20 बीघा जमीन पर जुताई कर कब्जे की तैयारी चल रही थी। टीम ने जेसीबी और ट्रैक्टर की मदद से खड़ी फसल को नष्ट किया और ट्रेंच खुदवाकर जमीन को सुरक्षित किया। इस दौरान नाका प्रभारी अजयपाल सिंह, वनपाल लक्ष्मीनारायण, वनरक्षक विनोद सहरिया, सीमा सहरिया, दौलतराम, अमित कुमार और सुनील कुमार समेत कई वनकर्मी मौजूद रहे।

