एटा में वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार शाम मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय से पैदल मार्च निकाला और परशुराम चौक पहुंचकर ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। पुतला दहन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई। पार्टी कार्यालय से निकाला पैदल मार्च प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष आसिफ हुसैन उर्फ भोले ने किया। कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय से पैदल मार्च करते हुए परशुराम चौक पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ‘वोट चोर’ समेत अन्य नारे लगाए। चौक पर पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाया। इसके बाद कांग्रेसी धरना स्थल पर पहुंच गए। SIR को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल शहर अध्यक्ष विनीत पाराशर बाल्मीकि ने कहा कि राहुल गांधी लंबे समय से कथित वोट चोरी का मुद्दा उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि SIR को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त की ओर से एकतरफा फैसला लिया गया, जिससे मतदाताओं के नाम काटे गए और नए नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके। उन्होंने राष्ट्रपति से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की। कांग्रेस देशभर में SIR और चुनाव प्रक्रिया को लेकर प्रदर्शन कर रही है। कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद इस दौरान प्रदर्शन में अरविंद सोनी, पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल सोलंकी, गंगाशहाय लोधी, एकेश लोधी, राजबहादुर शाक्य, कुलदीप पांडे, अवधेश यादव, तसव्वुर और नीलिमा राजपूत समेत कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

