उमरिया के बिरसिंहपुर पाली स्टेशन के पास रविवार को ट्रेन की चपेट में आने से 19 वर्षीय युवती की मौत हो गई। मृतक रामपुर निवासी संध्या थी। जानकारी मिलते ही पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। संध्या रविवार को किराना दुकान से घर का सामान लेकर लौट रही थी। रेलवे ट्रैक पार करते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। उन्हें रेलवे ट्रैक पर संध्या के पड़े होने की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पाली पुलिस और जीआरपी की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। संध्या के परिजन भी वहां पहुंच गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों और मौजूद लोगों से पूछताछ जारी है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

