कानपुर के कल्याणपुर मे शहर में लगातार दूसरे दिन हो रही बारिश ने कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रविवार दोपहर कल्याणपुर कला गांव में बारिश के चलते एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय मकान में रहने वाले परिवार के सभी सदस्य बाहर थे, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। हालांकि मकान के मलबे में घर की पूरी गृहस्थी दबकर नष्ट हो गई। खाने-पीने का सामान, कपड़े, बर्तन समेत घरेलू उपयोग का अन्य सामान मलबे में दब गया। मकान गिरने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। कल्याणपुर कला गांव निवासी नीरज प्राइवेट नौकरी करते हैं। परिवार में उनकी पत्नी, मां रेखा और छोटा भाई धीरज हैं। नीरज ने बताया कि करीब चार वर्ष पहले बीमारी के चलते पिता की मौत हो गई थी। पिता की मौत के बाद दोनों भाइयों ने अलग-अलग रहना शुरू कर दिया। मां रेखा नीरज के साथ ही कच्चे मकान में रहती थीं। नीरज के मुताबिक, पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही थी। रविवार दोपहर करीब एक बजे अचानक मकान की छत भरभराकर गिर गई। देखते ही देखते मकान का एक हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया। गनीमत रही कि जिस समय मकान गिरा, उस वक्त परिवार का कोई सदस्य अंदर मौजूद नहीं था। मकान गिरने की जानकारी उनकी मां ने फोन कर दी। सूचना मिलते ही नीरज मौके पर पहुंचे और डायल-112 पर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिवार से जानकारी ली। मकान के मलबे में दबे सामान को देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। परिजनों के मुताबिक, मकान गिरने से खाने-पीने का सामान, कपड़े, बर्तन और गृहस्थी का अन्य सामान पूरी तरह बर्बाद हो गया है। अब परिवार के सामने बारिश के बीच रहने की समस्या भी खड़ी हो गई है। कई बार प्रधानमंत्री आवास के लिए किया आवेदन
नीरज और उनके परिवार का कहना है कि कच्चे मकान की जर्जर हालत को देखते हुए उन्होंने कई बार प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए आवेदन किया था। परिवार को उम्मीद थी कि सरकारी योजना के तहत उन्हें पक्का मकान मिल जाएगा, लेकिन आज तक आवास नहीं मिल सका। लगातार बारिश के बीच कच्चा मकान गिरने के बाद परिवार ने प्रशासन से जल्द मदद और रहने के लिए सुरक्षित व्यवस्था कराने की मांग की है। रिपोर्ट तैयार कर अधिकारियों को भेजी जाएगी कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर परिवार से बातचीत की है। घटना की रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। परिवार को नियमानुसार जो भी संभव मदद होगी, वह दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

