कुशीनगर में 12 साल की बच्ची की हार्ट-हटैक से मौत:स्कूल में बैठे-बैठे गिरी, कब्र से शव निकालकर पोस्टमॉर्टम कराया, रिपोर्ट में खुलासा

कुशीनगर में 12 साल की बच्ची की हार्ट-हटैक से मौत:स्कूल में बैठे-बैठे गिरी, कब्र से शव निकालकर पोस्टमॉर्टम कराया, रिपोर्ट में खुलासा

कुशीनगर में 12 साल की छात्रा की मौत हार्ट अटैक से हुई है। वो स्कूल में बैठे-बैठे गिर गई थी। यह खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ। डीएम के निर्देश पर दो दिन बाद शुक्रवार को छात्रा के शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया। शनिवार को आई रिपोर्ट में डॉक्टरों ने बच्ची की मौत की वजह हार्ट अटैक बताई तो सभी हैरान रह गए। शनिवार को बच्ची का अंतिम संस्कार किया गया तो परिजनों में कोहराम मच गया। पूरा मामला जिला मुख्यालय से करीब 20 किमी दूर रामकोला थाना क्षेत्र का है। नेहा बुधवार को स्कूल में पढ़ाई के दौरान बेहोश होकर गिर गई थी। उस समय स्कूल में कोई शिक्षक नहीं था। सहपाठियों ने उसे चौराहे पर पहुंचाया। परिजन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित किया। परिजनों ने शिक्षकों पर लापरवाही और इलाज में देरी का आरोप लगाया है। मौत के बाद परिजनों ने शव रखकर तीन घंटे प्रदर्शन किया। एसडीएम खड्डा के समझाने पर वे शांत हुए और शव दफना दिया था। तीन डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया, जिसकी वीडियोग्राफी भी हुई और बिसरा आगे की जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। परिजनों ने आरोप लगाया कि गांव के तत्कालीन प्रधान ने कुछ भ्रम फैलाकर और दबाव बनाकर शव को बिना पोस्टमार्टम के दफनवा दिया था। जब मामला उच्चाधिकारियों और डीएम के संज्ञान में पहुंचा, तो छात्रा के दादा की मांग पर शव को निकलवाने का आदेश जारी किया गया।
शुक्रवार शाम करीब 5 बजे पडरौना एसडीएम न्यायिक/मजिस्ट्रेट और पुलिस की मौजूदगी में कब्र से शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था, जिसकी रिपोर्ट अब सामने आ गई है । घटना की खबर मिलते ही मुंबई में काम करने वाले पिता राजाराम गांव पहुंचे। धर्मसमधा स्थान के पास अपनी लाडली को मुखाग्नि देते समय पिता फफक-फफक कर रो पड़े । पिता ने कहा यदि मेरी बेटी को समय पर सही इलाज मिल जाता तो आज वह हमारे बीच होती। स्कूल प्रशासन की लापरवाही के कारण इलाज में देरी हुई। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले में खड्डा सीओ अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामला संज्ञान में है और पोस्टमार्टम हो चुका है। यदि परिजन लिखित शिकायत देते हैं, तो निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *