सागर में मोतीनगर थाना क्षेत्र के संजय ड्राइव के पास स्थित छोटे तालाब में शनिवार रात युवक का शव मिला है। मछुवारों ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना पर मोतीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार, संजय ड्राइव के पास हनुमान मंदिर के सामने स्थित छोटे तालाब में मछुआरे मछली पकड़ने आए थे। तभी उन्होंने तालाब में एक शव को तैरते देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने आसपास इलाके में सर्चिंग की तो मौके पर एक ऑटो और एक साइकिल खड़ी मिली। जांच में ऑटो मोहम्मद इरशाद का निकला, जो करीब एक किलोमीटर दूर मछली पकड़ने गया था। वहीं पास में खड़ी संदिग्ध साइकिल किसकी है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। संभावना है कि साइकिल मृतक की ही हो सकती है। परिजनों की तलाश कर रही पुलिस
घटनास्थल से पुलिस ने एक जोड़ी चप्पल और एक लाइटर भी जब्त किया है। मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि छोटे तालाब में युवक का शव मिला है। पहचान नहीं हो सकती है। आसपास के क्षेत्र में मृतक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। मामला दर्ज कर जांच में लिया है।

