सरीला (हमीरपुर) के भेड़ी डांडा गांव में शुक्रवार रात एक कच्चे मकान की छत अचानक गिर गई। मलबे में दबने से गृहस्वामिनी संध्या सिंह (65) की मौत हो गई। हादसे के समय घर में वृद्धा के अलावा कोई मौजूद नहीं था। परिजनों को घटना की जानकारी शनिवार सुबह हुई। संध्या सिंह रोज की तरह रात करीब दस बजे खाना खाने के बाद घर में सो रही थीं। इसी दौरान छत उनके ऊपर गिर गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी मिलते ही एसडीएम विकास कुमार यादव और जलालपुर थानाध्यक्ष रवि कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल की जांच की और ग्राम प्रधान धीरज सिंह व परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों ने बताया कि कच्चे मकान की छत पुरानी और कमजोर होने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

