सिवनी जिले के बरघाट नगर के महामाया मंदिर परिसर से दानपेटी चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को शनिवार रात गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई भगवा रंग की दानपेटी, उसमें से चोरी की गई नकदी और वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा स्कूटी जब्त की है। ग्रिल तोड़कर मंदिर में घुसे थे चोर बरघाट थाना प्रभारी मोहनीश बेस ने बताया कि महामाया मंदिर परिसर वार्ड नंबर-3 निवासी नेमीचंद सूर्यवंशी ने 24 सितंबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 23 और 24 सितंबर की दरम्यानी रात अज्ञात चोर मंदिर की स्टील ग्रिल तोड़कर अंदर घुसे और दानपेटी चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 548/2026 दर्ज किया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(a) और 331(4) के तहत जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस मंदिर में चोरी की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और आने-जाने वाले लोगों की जानकारी जुटाई। ग्रामवासियों से मिली जानकारी, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र को जांच से जोड़ा गया। इसके बाद पुलिस टीम संदिग्धों तक पहुंची और तीन लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने मंदिर से दानपेटी चोरी करने की बात स्वीकार की। नागपुर और बरघाट के तीन आरोपी गिरफ्तार गिरफ्तार आरोपियों में अविनाश काले उर्फ कालिया (29) निवासी नागपुर, अजय वरकड़े (29) निवासी ग्राम उलट, हाल नागपुर और सुधाकर बट्टी (28) निवासी ग्राम चिरचिरा, बरघाट शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, पहले दो आरोपियों के खिलाफ नागपुर जिले में पूर्व से विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं। हालांकि इन मामलों का विस्तृत रिकॉर्ड संबंधित जिले से सत्यापन के बाद ही स्पष्ट होगा। दानपेटी, नकदी और एक्टिवा जब्त पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई भगवा रंग की दानपेटी और उसमें से चोरी की गई नकदी बरामद की है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा क्रमांक MH 49 A 1340 भी जब्त की गई है। एसपी के निर्देशन में हुई कार्रवाई कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन में एएसपी दीपक मिश्रा और एसडीओपी बरघाट ललित गठरे के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक मोहनीश सिंह बैस सहित पुलिस टीम की कार्रवाई में भूमिका रही।

