भास्कर न्यूज | अमृतसर: राज्यसभा सांसद डॉ. विक्रमजीत सिंह साहनी ने सन फाउंडेशन द्वारा संचालित पुनर्वास केंद्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और प्रशिक्षण ले रहे युवाओं से बात की। सन फाउंडेशन पिछले 12 वर्षों से यह केंद्र चला रहा है, जहां मुफ्त इलाज, पुनर्वास और इलेक्ट्रीशियन, डेटा एंट्री, प्लंबिंग व कमिस शेफ जैसे ट्रेड में व्यावसायिक प्रशिक्षण के साथ संगीत, ध्यान व जिम की सुविधा दी जाती है। डॉ. साहनी ने डेटा एंट्री ऑपरेटर का कोर्स पूरा कर चुके तीन युवाओं को एक सप्ताह के भीतर नौकरी लगवाने का भरोसा दिया। डॉ. साहनी ने केंद्र में कमिस शेफ का प्रशिक्षण पूरा कर चुके चार युवाओं से भी मुलाकात की। पेशेवर स्तर पर खाना बनाने का प्रशिक्षण हासिल करने वाले इन युवाओं ने आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की इच्छा जताई। डॉ. साहनी ने उन्हें भरोसा दिलाया कि सन फाउंडेशन अपना फूड-कार्ट व्यवसाय शुरू करने में उनकी मदद करेगा, ताकि वे अपने हुनर का इस्तेमाल कर सकें और स्थायी आजीविका खड़ी कर सकें। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति वर्षों तक नशे की लत से लड़ने के बाद कोई हुनर सीखता है, वह अपनी जिंदगी दोबारा बनाने की दिशा में पहले ही एक साहसिक कदम उठा चुका है। रिहैब सेंटर के पास नशे की बिक्री की जानकारी मिलने पर डॉ. साहनी ने तुरंत जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही खालसा कॉलेज के मुख्य गेट के सामने शराब का ठेका होने पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि नियमों के उल्लंघन की जांच के लिए वह अमृतसर के पुलिस कमिश्नर और डिप्टी कमिश्नर को पत्र लिखेंगे। डॉ. साहनी ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई सिर्फ कार्रवाई तक सीमित नहीं हो सकती। इसके लिए पुलिस, प्रशासन, शिक्षण संस्थानों, परिवारों और सामाजिक संगठनों को मिलकर रोकथाम, इलाज, कौशल विकास और रोजगार पर एक साथ काम करना होगा।

