रविवार को भी खुले रहेंगे बैंक रोजाना की तरह होगा कामकाज

रविवार को भी खुले रहेंगे बैंक रोजाना की तरह होगा कामकाज

भास्कर न्यूज | अमृतसर आजादी के बाद बैंकिंग इतिहास में संभवतः ऐसा पहली बार होने जा रहा है, जब 27 सितंबर को रविवार की छुट्टी होने के बावजूद सभी सरकारी बैंक खुले रहेंगे। केंद्र सरकार द्वारा जारी सर्कुलर के अनुसार, इस रविवार न केवल बैंक शाखाएं सुबह 9 से शाम 5 बजे तक सामान्य दिनों की तरह काम करेंगी, बल्कि सुरक्षा कारणों से छुट्टियों में बंद रहने वाले मुख्य शाखाओं के बड़े एटीएम भी ग्राहकों के लिए चालू रहेंगे। बैंकों के रविवार को खुलने की मुख्य वजह अगले तीन दिनों—28, 29 और 30 सितंबर (सोमवार से बुधवार)—तक होने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल है। केंद्रीय बैंक यूनियनों के संयुक्त मंच के आह्वान पर कर्मचारी अपनी मांगों के समर्थन में ‘कलम छोड़ हड़ताल’ पर रहेंगे। इसके चलते ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे कैश जमा, निकासी व अन्य जरूरी वित्तीय काम रविवार को ही निपटा लें, ताकि बाद में परेशानी न हो। सीबीएसयू यूनियन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अवनीश खोसला ने बताया कि हड़ताल का मुख्य कारण बैंक प्रबंधन और यूनियनों के बीच वार्ता का विफल होना है। कर्मचारियों की प्रमुख मांग ‘5-डे बैंकिंग’ (सप्ताह में 5 दिन काम) और लाभ से जुड़ा प्रोत्साहन लागू करना है। उन्होंने बताया कि मार्च 2024 में बैंकिंग उद्योग में 5-दिवसीय कार्यप्रणाली लागू करने का समझौता हुआ था, जिसे वित्त मंत्रालय की मंजूरी मिलनी बाकी थी। हालांकि, मंत्रालय द्वारा लगातार देरी की जा रही है। इसी के विरोध में कर्मचारियों ने 28 से 30 सितंबर तक लगातार तीन दिनों की हड़ताल का आह्वान किया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *