कुरुक्षेत्र के पिहोवा में कुरुक्षेत्र-पिहोवा रोड पर अनाज मंडी के पास शनिवार देर शाम हादसा हो गया। यहां ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बाइक सवार 19 साल के युवक साहिल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मौके से फरार हो गया। मृतक साहिल पिहोवा शहर के अमृतसरी फार्म का रहने वाला था। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पता चलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। साहिल अपने दादा-दादी का इकलौता सहारा था। आटा लेने के लिए घर से निकला था पुलिस के मुताबिक, साहिल देर शाम बाइक लेकर घर से आटा लाने के लिए शहर की तरफ निकला था। उन्हें कुछ देर बाद सड़क हादसे की सूचना मिली। शुरुआती तौर पर पता चला कि ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से साहिल की मौत हो चुकी है। हालांकि पुलिस हादसे की जांच कर रही है और CCTV फुटेज देख रही है। दादा-दादी के पास रहता था साहिल साहिल के परिवार पर पहले भी दुखों का पहाड़ टूट चुका था। 3-4 साल पहले उसके पिता की मौत हो गई थी। पिता की मौत के बाद उसकी मां छोटे बेटे को लेकर अपने मायके चली गई थी। उसके बाद वापस अपने ससुराल नहीं लौटी। मां के छोड़कर जाने के बाद से साहिल अपने दादा-दादी के पास ही रहता था। दादा-दादी का इकलौता सहारा था साहिल अपने दादा-दादी का इकलौता सहारा था। घर में वही उनकी देखभाल करता था। रोजमर्रा के छोटे-मोटे कामों के लिए भी वह ही उनके साथ रहता था। देर शाम घर से आटा लेने निकला साहिल वापस नहीं लौटा। साहिल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। उसके दादा-दादी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस खंगाल रही आसपास के रास्ते पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि टक्कर मारने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली का पता लगाया जा सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। व्हीकल की पहचान होने के बाद ड्राइवर के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

