श्री रामलीला महोत्सव 2026 के तहत शनिवार को 136वीं श्री मुकुट महोत्सव शोभायात्रा निकाली गई। बाबा मनःकामेश्वरनाथ जी के मुकुट की आरती और दीप प्रज्ज्वलन के साथ शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। 50 झांकियों, पांच बैंड, पांच अखाड़ों, 10 डीजे और दो नासिक ढोल के साथ निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। रास्तेभर बैंड और ढोल की थाप के बीच श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा का शुभारंभ महापौर हेमलता दिवाकर ने दीप प्रज्ज्वलित कर और बाबा मनःकामेश्वरनाथ के मुकुट की आरती उतारकर किया। मुख्य अतिथि सूरज ठेकेदार रहे। पार्षद बंटी माहौर, मधु माहौर, बद्री प्रसाद और प्रवेश पटेल समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। 50 झांकियों ने खींचा लोगों का ध्यान शोभायात्रा में 50 झांकियां शामिल रहीं। इनके साथ पांच बैंड, पांच अखाड़े, 10 डीजे और दो नासिक ढोल रहे। झांकियों की प्रस्तुतियों और अखाड़ों के प्रदर्शन ने लोगों का ध्यान खींचा। शोभायात्रा के मार्ग पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। फव्वारा चौराहे पर हुआ सम्मान फव्वारा चौराहे पर श्री मुकुट महोत्सव प्रबंध समिति की ओर से मंच लगाया गया। यहां शोभायात्रा में शामिल झांकियों और बैंड के अध्यक्षों व प्रतिनिधियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अलग-अलग मंचों पर समाजसेवियों और बुद्धिजीवियों ने भी झांकी और बैंड संचालकों का सम्मान किया। जगह-जगह लगाई प्याऊ शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह प्याऊ लगाई गईं। कोरी समाज की विभिन्न संस्थाओं की ओर से पेयजल की व्यवस्था की गई। समिति की ओर से शोभायात्रा को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए भी व्यवस्थाएं की गईं। शोभायात्रा में संरक्षक चौ. हरिबाबू, अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बाबूलाल, उपाध्यक्ष राजकुमार व मुन्नालाल, महामंत्री राजकुमार, कोषाध्यक्ष सुभाष बाबू समेत समिति के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। राजेन्द्र कुमार, लव माहौर, अनूप, आकाश माहौर, विष्णु चौधरी, रोहित चौधरी, राकेश माहौर समेत बड़ी संख्या में समाजबंधु और सहयोगी भी शामिल हुए। समिति पदाधिकारियों ने शोभायात्रा के आयोजन में सहयोग करने वाले सामाजिक संगठनों, झांकी और बैंड संचालकों, समाजसेवियों, प्रशासन, पुलिस और अन्य सहयोगियों का आभार जताया।

