राजसमंद : अब कैलाशपुरी और देलवाड़ा तक चलेगी पीएम ई-बस सेवा

राजसमंद : अब कैलाशपुरी और देलवाड़ा तक चलेगी पीएम ई-बस सेवा

उदयपुर. शहर से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित कैलाशपुरी को प्रधानमंत्री ई-बस सेवा से जोड़ दिया गया है। अब पीएम ई-बस कैलाशपुरी होते हुए देलवाड़ा तक संचालित होगी। इससे ग्रामीणों के साथ यहां आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों और दर्शनार्थियों को आवागमन की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही अब तक कुल 33 ई-बसें रूट पर चलने लगी है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की हाल ही में उदयपुर-राजसमंद यात्रा के दौरान भाजपा नेता अशोक कुमार मोड़ ने कैलाशपुरी में दर्शनार्थियों, पर्यटकों और ग्रामीणों को हो रही यातायात संबंधी परेशानी से अवगत कराया था। उन्होंने बताया था कि राजस्थान रोडवेज की बसें कैलाशपुरी वाया देलवाड़ा जाने के बजाय बाईपास से निकल जाती हैं। इससे ग्रामीणों और श्रद्धालुओं को परेशानी होती है। उन्होंने रोडवेज बसों के साथ उदयपुर नगर निगम की बसों को भी कैलाशपुरी-देलवाड़ा तक चलाने की मांग की थी। जानकारी के अनुसार इस बस में देलवाड़ा तक 60 और कैलाशपुरी तक 50 रुपए किराया लगेगा।

मुख्यमंत्री ने मामले का त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके बाद पीएम ई-बस को कैलाशपुरी होते हुए देलवाड़ा तक संचालित किया गया। बस के कैलाशपुरी पहुंचने पर ग्रामवासियों के साथ सुबह 9 बजे पूजा-अर्चना की और चालक, परिचालक सहित स्टाफ का माला पहनाकर स्वागत किया।

इस दौरान मोटू वैष्णव, पुष्कर लाल नागदा, चुन्नीलाल माली, गोपाल नागदा, राजू माली, नरेश माली, पुरुषोत्तम माली, रौनक नागदा, गिरीश टेलर, सत्यनारायण मोची, वसीम मोहम्मद, अश्विनी वैष्णव, शंकर भंडारी, छोटूलाल वैष्णव सहित कई ग्रामवासी मौजूद रहे।

एक बस डिवाइडर से टकराई, दूसरी मार्ग में ही अटकी

शहर में चल रही ई-बसों से लोगों को आवागमन की सुविधा मिल रही है। वहीं इन बसों के खराब होने और दुर्घटनाग्रस्त होने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। ऐसी ही दो घटनाएं शुक्रवार को शहर में हुई।

सेक्टर-6 थाने के समीप एक ई-बस रात करीब 8.30 बजे बजे बंद हो गई। इसके बाद इसे अन्य वाहन से टोह करके डिपो पर ले जाया गया। इसी प्रकार पंचवटी में शाम करीब 4.30 बजे निर्धारित रूट से हटकर बस ले जाने से एक बस डिवाइडर से टकरा गई। इससे बस थोड़ी सी क्षतिग्रस्त हो गई।

डिपो में 3 अतिरिक्त बसें

सूत्रों के अनुसार इन बसों का रखरखाव ईको कंपनी कर रही है। आपातकालीन परिस्थितियों के लिए तीन अतिरिक्त बसों को डिपो में खड़ा रखा गया है। किसी बस के मार्ग में खराब होने की स्थिति में इन बसों को मौके पर भेजा जाता है या रूट पर चल रही अन्य बसों में सवारियों को बिठाकर गंतव्य तक पहुंचाया जाता है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *