Brajesh Pathak Target Samajwadi Party: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने शनिवार को गाजीपुर में स्वास्थ्य महाकैंप का उद्घाटन किया। यह स्वास्थ्य महाकैंप 26 से 28 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान देश के प्रतिष्ठित अस्पतालों के वरिष्ठ चिकित्सक मरीजों को परामर्श देंगे। स्वास्थ्य महाकैंप के दौरान बृजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा के नेता उत्तर प्रदेश की जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।
‘काम के आधार पर वोट मांगे तो हो जाएगी जमानत जब्त’
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा, “समाजवादी पार्टी के सदस्य उत्तर प्रदेश की जनता को गुमराह करने की व्यर्थ कोशिश कर रहे हैं। वे अपने खुद के कामों के आधार पर वोट क्यों नहीं मांगते? समाजवादी पार्टी को कहना चाहिए, हमने राज्य में 4 बार सरकार बनाई है, हमने ये विशिष्ट कार्य पूरे किए हैं…इसलिए हमें वोट दें। इसके बजाय, वे जाति, धर्म और तुष्टीकरण का सहारा लेकर वोट मांग रहे हैं। वे अपने बारे में क्यों नहीं बताते- उन्होंने वास्तव में क्या काम किए हैं? अगर वे अपने खुद के कामों के आधार पर वोट मांगेंगे, अगर वे जाति के नाम पर वोट मांगना बंद कर देंगे, तो भी उनकी जमानत जब्त हो जाएगी।”
अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना
बृजेश पाठक ने अखिलेश यादव पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि, “अखिलेश यादव को अपने शासनकाल को याद करना चाहिए…सपा के शासन में गुंडे और माफिया फलते-फूलते थे।” डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश में भयमुक्त समाज बनाने का काम किया है। उन्होंने सरकार की कानून व्यवस्था को लेकर किए गए कार्यों का भी जिक्र किया।
3 दिवसीय स्वास्थ्य महाकैंप का शुभारंभ
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक गाजीपुर दौरे पर हैं, जहां उन्होंने 26 से 28 सितंबर तक आयोजित होने वाले 3 दिवसीय स्वास्थ्य महाकैंप का औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। श्री पाठक ने मीडिया को जानकारी दी कि देश के कई प्रतिष्ठित और नामी अस्पतालों से वरिष्ठ चिकित्सक इस महाकैंप में पहुंचे हैं, जो यहां आने वाले जरूरतमंद मरीजों को चिकित्सीय परामर्श दे रहे हैं। इस शिविर में मरीजों की जांच के बाद उन्हें निशुल्क दवाएं भी वितरित की जा रही हैं, जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिल रही है।
गाजीपुर में 20 हजार से अधिक लोगों का पंजीकरण
बृजेश पाठक की ओर से बताया गया कि गाजीपुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत बड़े स्तर पर स्वास्थ्य सेवा शिविर लगाया गया है। इसमें जिले के अलग अलग क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। डिप्टी CM के मुताबिक स्वास्थ्य शिविर शुरू होने से पहले ही 20 हजार से अधिक लोगों का पंजीकरण हो चुका था। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओर से मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी सलाह दी जा रही है। साथ ही जरूरत के अनुसार निशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के दूरदराज इलाकों तक बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है ताकि हर नागरिक को समय पर सही उपचार मिल सके।

