श्योपुर के ग्राम कुड़ायथा में शनिवार सुबह घर के सामने सड़क पर खेल रही 3 साल की बच्ची पलक उर्फ निधि मीणा को राजस्थान की स्कूल बस ने टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची की मौत हो गई। सूचना के बाद परिजन बच्ची को बड़ौदा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, एफआईआर दर्ज कर ली गई है और हादसे के बाद बस सहित मौके से फरार चालक रामदयाल मीणा की तलाश की जा रही है। चालक राजपुरा, मध्यप्रदेश का निवासी बताया गया है। घर के सामने खेल रही थी बच्ची पुलिस को दी गई सूचना के अनुसार, गिर्राज मीणा सुबह करीब 7.45 बजे अपने घर के बाहर सड़क पर खड़े थे। उनके भाई धर्मेंद्र मीणा और गांव के कुछ अन्य लोग भी वहां मौजूद थे। इसी दौरान धर्मेंद्र की 3 वर्षीय बेटी सड़क पर खेल रही थी। इसी समय श्री हरि एजुकेशन अकादमी स्कूल, बमोरी, राजस्थान की बस क्रमांक RJ28PA2807 कुड़ायथा की ओर आई। सूचना के मुताबिक, बस की गति तेज थी और चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था। बस ने सड़क पर खेल रही बच्ची को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक बस लेकर फरार बच्ची के बड़े पिता गिर्राज मीणा ने हादसा देखा। उन्होंने बस को रोकने के लिए आवाज लगाई और बच्ची तक पहुंचने का प्रयास किया। इसी बीच हादसे के बाद चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

