प्रयागराज और आसपास के इलाकों में अगले 48 घंटे मौसम खराब रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक 27 सितंबर की सुबह 8:30 बजे तक जिले में अत्यधिक बारिश के साथ तेज हवाएं, आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। पिछले दो दिनों में जिले में 47 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम की चेतावनी को देखते हुए आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आमजन के लिए एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने और सावधानी बरतने की अपील की है। आंधी-तूफान में इन बातों का रखें ध्यान बिजली चमकने पर घर के अंदर रहें बारिश और बिजली चमकने के दौरान पक्के मकान में शरण लें। खिड़की, दरवाजे और बरामदे से दूर रहें। खराब मौसम में टीवी, फ्रिज जैसे बिजली के उपकरणों के प्लग निकाल दें। धातु वाले नल, फ्रिज और लोहे की खिड़कियों को न छुएं। बच्चों को मौसम खराब होने पर बाहर खेलने न जाने दें। बाहर फंस जाएं तो जमीन पर न लेटें बिजली के खंभे, मोबाइल टावर, तालाब, जलाशय और हैंडपंप से दूरी बनाए रखें। खुले वाहनों की सवारी न करें। स्विमिंग और नौकायन तुरंत रोक दें। अगर खुले खेत या मैदान में फंस जाएं और सुरक्षित जगह न मिले तो जमीन पर लेटने के बजाय दोनों पैरों को आपस में सटाकर घुटनों के बल उकड़ू बैठें और दोनों कानों को हाथों से ढक लें। जमीन पर लेटना खतरनाक हो सकता है।

