श्रावस्ती के भिनगा और जमुनहा क्षेत्र में लगातार तीसरे दिन हो रही बारिश के बीच बिजली संकट ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। लक्ष्मणनगर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े दर्जनों गांवों में बीती रात से बिजली आपूर्ति ठप है। वहीं उरलेहवा विद्युत उपकेंद्र से मिलने वाली बिजली भी करीब 24 घंटे से प्रभावित है। शुक्रवार रात 7 बजे के बाद कई गांवों में बिजली आई भी तो कहीं 10 मिनट तो कहीं आधे घंटे तक ही मिली। इसके बाद फिर कटौती हो गई। रातभर अंधेरे में रहे ग्रामीण लंबे समय तक बिजली गुल रहने से ग्रामीणों को पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी। घरों में लगे इनवर्टर भी जवाब दे गए। मोबाइल फोन डिस्चार्ज होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई। लगातार बारिश और जलभराव के कारण विद्युत विभाग की टीमों को फाल्ट तलाशने और उसे ठीक करने में भी दिक्कत हो रही है। विभागीय कर्मचारी बारिश के बीच फाल्ट खोजकर आपूर्ति बहाल करने में जुटे हुए हैं। पढ़ाई और कारोबार पर भी असर ग्रामीण पिंटू ने बताया कि बिजली न आने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। रात में घर और आसपास अंधेरा रहने से बाहर निकलने में भी डर बना रहता है। बारिश के मौसम में जंगली जीव-जंतुओं का खतरा भी बढ़ जाता है। मुनीर ने बताया कि करीब 24 घंटे से बिजली की समस्या बनी हुई है। घरों के साथ दुकानों में भी अंधेरा रहने से कारोबार प्रभावित हो रहा है। बारिश के कारण बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं और बिजली नहीं होने से घर पर भी पढ़ाई नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान इतनी लंबी बिजली कटौती से उन्हें पहली बार इस तरह की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विद्युत विभाग के मुताबिक लगातार बारिश और जलभराव के कारण फाल्ट ठीक करने में सामान्य से अधिक समय लग रहा है। विभाग की टीमें लगातार मरम्मत कार्य में लगी हैं और जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। विभाग ने उपभोक्ताओं से धैर्य बनाए रखने और मरम्मत कार्य में कर्मचारियों का सहयोग करने की अपील की है।

