हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शुक्रवार शाम के वक्त रूटीन स्वास्थ्य जांच के लिए IGMC शिमला पहुंचे। मुख्यमंत्री को सीने में हल्का दर्द महसूस हो रहा था। लिहाजा सोलन और सिरमौर से लौटने के बाद वह सीधे IGMC गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने मुख्यमंत्री की चेस्ट और स्पाइन एक्स-रे लिए। इनकी रिपोर्ट सामान्य बताई जा रही है। इसके बाद मुख्यमंत्री अस्पताल से वापस सरकारी आवास ओक ओवर लौटे। मुख्यमंत्री सुक्खू दिन में आज सोलन और सिरमौर के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने करोड़ों रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास और जनसभा को भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री का कल भी मंडी का दौरा प्रस्तावित है। आज सुबह सोलन-सिरमौर जाने से पहले सीएम ने हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल से भी मुलाकात की। पहले भी बिगड़ चुकी तबीयत, एम्स भर्ती करवाना पड़ा था बता दें कि मुख्यमंत्री बनने के बाद सीएम सुक्खू कई बार बीमार पड़ चुके हैं। इससे वह IGMC शिमला, चंडीगढ़ और एम्स दिल्ली में उपचार करवा चुके हैं। सीएम पेट में इन्फेक्शन के साथ साथ पैंक्रियाटाइटिस की समस्या से जूझ रहे हैं।

