शाजापुर में बाइक सवार को रौंदा, महिला की मौत:युवक और बच्ची घायल, जिला अस्पताल में एडमिट; चालक फरार

शाजापुर में बाइक सवार को रौंदा, महिला की मौत:युवक और बच्ची घायल, जिला अस्पताल में एडमिट; चालक फरार

शाजापुर नेशनल हाईवे-52 पर शुक्रवार शाम एक सड़क हादसा हो गया। मझानिया के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार 35 साल की महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर सवार एक युवक और एक बच्ची घायल हो गए। वहीं चालक वाहन लेकर फरार हो गया है। जानकारी के मुताबिक, अयोध्या बस्ती की रहने वाली राधा बाई (35) युवक दीपक और एक छोटी बच्ची के साथ बाइक से शाजापुर लौट रही थीं। वे उमरिया ताज से आ रहे थे। मझानिया के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद राधा बाई सड़क पर गिर गईं। उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। बाइक चला रहे दीपक और बच्ची भी इस हादसे में घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस ने दोनों घायलों को शाजापुर जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतका के शव को जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम में रखवा दिया है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *