चोरी की घटनाओं को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन:मुरैना में पूर्व विधायक ने थाना प्रभारी पर लगाए अवैध वसूली के आरोप

चोरी की घटनाओं को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन:मुरैना में पूर्व विधायक ने थाना प्रभारी पर लगाए अवैध वसूली के आरोप

मुरैना जिले में चोरी की बढ़ती घटनाओं और कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को देवगढ़ थाने का घेराव किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाना परिसर के पास खेत में टेंट लगाकर क्षेत्रवासियों के साथ प्रदर्शन किया। उन्होंने चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की। साथ ही कार्रवाई नहीं होने पर मुरैना एसपी कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी। पूर्व विधायक ने पुलिस पर लगाए आरोप प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक सत्यपाल सिंह सिकरवार उर्फ नीटू ने देवगढ़ थाना प्रभारी एसआई जयपाल गुर्जर पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने थाना क्षेत्र में अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। थाना प्रभारी की ओर से इन आरोपों पर कोई पक्ष सामने नहीं आया है। भैंस और घरों में चोरी का मुद्दा उठाया सिकरवार ने कहा कि देवगढ़ क्षेत्र में भैंस चोरी और घरों में चोरी की घटनाएं लगातार हो रही हैं। पुलिस अब तक इन मामलों का खुलासा नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि भैंस चोरी होने से किसानों को आर्थिक नुकसान होता है। इसके बाद घरों में भी चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चोरी के मामलों का खुलासा नहीं होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। साथ ही पुलिस और अपराधियों के बीच मिलीभगत का भी आरोप लगाया। पुलिस को सौंपा ज्ञापन कांग्रेस नेताओं और क्षेत्रवासियों ने पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। इसमें चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बेहतर करने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन आगे बढ़ाया जाएगा और एसपी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। डीएसपी बोले- चोरों की तलाश जारी डीएसपी मुख्यालय विजय भदौरिया ने कहा कि चोरी की घटनाएं हुई हैं तो पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस हर मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करती है। देवगढ़ क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं में भी आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया है। प्रदर्शन करना उनका लोकतांत्रिक अधिकार है। पुलिस अपने स्तर पर चोरी की घटनाओं की जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *