नारनौल में धूमधाम से गणेश विसर्जन:ढोल-नगाड़ों के साथ निकली शोभायात्राएं, शहर में करीब 30 स्थानों पर विराजे थे गणपति, उड़ा रंग-गुलाल

नारनौल में धूमधाम से गणेश विसर्जन:ढोल-नगाड़ों के साथ निकली शोभायात्राएं, शहर में करीब 30 स्थानों पर विराजे थे गणपति, उड़ा रंग-गुलाल

नारनौल में गणेश चतुर्थी के बाद आज गणपति विसर्जन का आयोजन धूमधाम से किया गया। शहर में करीब 30 स्थानों पर पंडाल लगाकर गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की गई थी। सुबह से ही श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की और शाम को ढोल-नगाड़ों व आतिशबाजी के बीच गणेश प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए ले जाया गया। इस दौरान शहर के बाजारों और गली-मोहल्लों में निकली शोभायात्राओं में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। गणेश विसर्जन से पहले कई स्थानों से झांकियां निकाली गईं। श्रद्धालु गणपति की प्रतिमा को वाहन में सजाकर शोभायात्रा के रूप में विसर्जन स्थल तक लेकर पहुंचे। रास्ते में श्रद्धालु रंग-गुलाल उड़ाते हुए गणपति के जयकारे लगाते रहे। ढोल की थाप पर युवा और श्रद्धालु नाचते नजर आए। शाम के समय कई स्थानों पर विधि-विधान से गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। पुरानी सराय से भी निकली शोभायात्रा पुरानी सराय क्षेत्र में शिव बगीची, राम सिंह चौक और छाबड़ा वाली गली में गणपति की स्थापना की गई थी। यहां से भी श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा निकालकर गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया। नई सराय में माता सती मंदिर और शिव नगर स्थित शिव मंदिर मीरा जी में भी गणपति विराजे थे। इसके अलावा सत्यनारायण मंदिर और छोटा तालाब क्षेत्र में मुख्य रूप से गणेश पंडाल बनाए गए थे। इन स्थानों पर विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ रही। छोटा तालाब और बड़ा तालाब में प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। वहीं कुछ स्थानों पर गड्ढे खोदकर उनमें पानी भरकर गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। गांवों में भी हुए गणेश विसर्जन गणेश विसर्जन का आयोजन केवल शहर तक सीमित नहीं रहा। आसपास के गांवों में भी श्रद्धालुओं ने गणपति प्रतिमाओं को श्रद्धापूर्वक विदाई दी। सीहमा गांव में भी एडवोकेट हेमंत शर्मा सहित श्रद्धालुओं ने गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया। विसर्जन के बाद कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए भंडारे भी आयोजित किए गए। दिनभर धार्मिक माहौल बना रहा और श्रद्धालु गणपति बप्पा के जयकारों के साथ प्रतिमाओं को विदाई देते नजर आए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *