श्रावस्ती के बनकटवा निवासी 35 वर्षीय विजय यादव की सीतापुर के खैराबाद क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह चंडीगढ़ से सवारियां लेकर श्रावस्ती लौट रहे थे। गुरुवार सुबह शव गांव पहुंचा तो परिवार में मातम छा गया। मौत की वजह स्पष्ट नहीं होने पर परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की। शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे परिजनों ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। 5 साल से दोस्त की बस चलवा रहे थे विजय पिछले करीब पांच साल से अपने दोस्त दिलीप के साथ बस चलाने का काम करते थे। बस दिलीप के नाम पर रजिस्टर्ड है। विजय बस की देखरेख और संचालन की जिम्मेदारी संभालते थे। बस से श्रावस्ती के लोगों को दिल्ली, चंडीगढ़ और लुधियाना जैसे शहरों तक ले जाया जाता था और वहां से सवारियों को वापस श्रावस्ती लाया जाता था।
बस से उतरने के बाद सड़क पर मिले घायल बीते बुधवार दोपहर विजय चंडीगढ़ से सवारियां लेकर श्रावस्ती के लिए निकले थे। रात करीब 1 बजे बस सीतापुर के खैराबाद क्षेत्र में पहुंची। बताया गया कि ट्रैफिक अधिक होने के कारण विजय बस से नीचे उतर गए थे। बस चालक करीब 500 मीटर आगे जाकर बस रोककर उनका इंतजार करने लगा। इसी दौरान पीछे से आए एक वाहन चालक ने बस चालक को बताया कि उनका साथी सड़क पर घायल पड़ा है। सूचना मिलते ही बस चालक और बाकी स्टाफ मौके पर पहुंचे। विजय के हाथ-पैर और चेहरे पर चोट के निशान थे। उन्हें निजी वाहन से लखनऊ के न्यू मेडलाइफ अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
CCTV में बस के पीछे जाता दिखा हाईटेंशन तार विजय की मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। घटनास्थल के सामने लगे CCTV कैमरे की फुटेज सामने आई है। इसमें बस पीछे की ओर जाती दिखाई दे रही है। इसी दौरान बस के पीछे लगा हाईटेंशन तार बस से छूता नजर आ रहा है। इसके बाद बस आगे बढ़ती है और विजय सड़क पर पड़े दिखाई देते हैं। फुटेज के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि बस को पीछे करवाते समय विजय उसके पास ही मौजूद थे और हाईटेंशन तार के संपर्क में आने से करंट लगने की घटना हुई हो। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। विजय पांच भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके दो भाई चंडीगढ़ और दो मुंबई में रहते हैं, जबकि सबसे छोटा भाई गांव में रहता है। उनके माता-पिता जीवित हैं। विजय अपने पीछे पत्नी, 12 साल की बेटी, 5 साल के बेटे और 1 साल के बेटे को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पीएम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वजह पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

