शादी के 14 साल बाद सरकारी टीचर की बेटी को ससुराल में पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। 90 फीसदी से ज्यादा झुलसी महिला ने जोधपुर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मामला जैसलमेर के खुहड़ी थाना क्षेत्र के कोरवा गांव का है। घटना 21 सितंबर की रात करीब एक बजे हुई। 24 सितंबर की सुबह जोधपुर में इलाज के दौरान हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया। पिता का आरोप है कि पुश्तैनी जमीन हड़पने के लिए जेठानी ने उसकी बेटी के संतान नहीं होने दी। उसे धोखे से गर्भपात की दवाइयां और संदिग्ध चीजें दी जाती थीं। परिवार के लोग इलाज के नाम पर तंत्र-मंत्र और टोने-टोटके करते थे। मानसिक रूप से डराते-धमकाते थे। मायके से कार लाने के लिए भी उसे प्रताड़ित किया जाता था। पुलिस ने पति, ससुर, सास और जेठानी को पूछताछ के लिए थाने लाया है। जेठानी पर जमीन हड़पने और गर्भपात कराने के लिए दबाव डालने का आरोप खुहड़ी थाना प्रभारी भागु राम ने बताया कि माणपिया गांव निवासी सरकारी टीचर पुरखाराम भील की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, उनकी बेटी हिना की शादी 29 जून 2012 को कोरवा गांव निवासी भगवानाराम से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग हिना को शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान करने लगे। आरोप है कि जेठानी अमृता देवी बपौती जमीन हड़पना चाहती थी और इसलिए नहीं चाहती थी कि हिना के कोई संतान हो। इसके लिए उसे धोखे से गर्भपात कराने वाली दवाइयां और संदिग्ध चीजें दी जाती थीं। इससे उसकी सेहत लगातार गिरती जा रही थी। पेट्रोल डालकर आग लगाई, 90% से ज्यादा झुलसी परिवार के लोग अंधविश्वास के चलते हिना को जबरन स्थानीय माता के थान पर ले जाते थे। वहां तांत्रिक क्रियाएं और टोने-टोटके कर उसे मानसिक रूप से डराने-धमकाने का भी आरोप है। इसके अलावा, दो साल पहले खरीदी गई कार को मायके से लाने की मांग को लेकर भी हिना को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर 2026 की रात करीब एक बजे के बाद आरोपियों ने हिना पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग में हिना 90 फीसदी से ज्यादा झुलस गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। परिजन गंभीर हालत में उसे जैसलमेर के जवाहिर हॉस्पिटल लेकर गए, जहां से नाजुक हालत को देखते हुए जोधपुर के महात्मा गांधी हॉस्पिटल रेफर किया गया। इलाज के दौरान मौत, पति-सास-ससुर और जेठानी से पूछताछ जोधपुर के महात्मा गांधी हॉस्पिटल में इलाज के दौरान 24 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे हिना ने दम तोड़ दिया। खुहड़ी थाना अधिकारी भागु राम ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर पति भगवानाराम, ससुर सोनाराम, सास लसमो देवी और जेठानी अमृता देवी को पूछताछ के लिए थाने लाया है।

