महिला से मंगलसूत्र लूटने वाले दो भाई मुठभेड़ में गिरफ्तार:बहराइच में 72 घंटे में चैन स्नैचिंग का खुलासा; तमंचा-कारतूस, चोरी की बाइक और मंगलसूत्र बरामद

महिला से मंगलसूत्र लूटने वाले दो भाई मुठभेड़ में गिरफ्तार:बहराइच में 72 घंटे में चैन स्नैचिंग का खुलासा; तमंचा-कारतूस, चोरी की बाइक और मंगलसूत्र बरामद

बहराइच के फखरपुर थाना क्षेत्र में महिला से मंगलसूत्र छीनने की घटना का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम और फखरपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान आरोपियों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसका दूसरा साथी भागने की कोशिश करते समय पकड़ा गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल और लूटा गया मंगलसूत्र बरामद किया है। जानिए पूरा मामला… घटना 21 सितंबर 2026 को फखरपुर थाना क्षेत्र में कोठारा गांव के पास दा. परसेंडी और चिश्ती धर्मकांटा के नजदीक हुई थी। पुलिस के अनुसार, दो बाइक सवार बदमाशों ने ई-रिक्शा से जा रही महिला को निशाना बनाया और उसका मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गए थे। पीड़िता की शिकायत पर फखरपुर थाने में मुकदमा संख्या 399/2026 के तहत धारा 304 बीएनएस में केस दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक बहराइच ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की थीं। जांच के दौरान पुलिस टीम को ट्रैफिक इंटरसेप्टर मोबाइल के कैमरों से बदमाशों की घटना के बाद की तस्वीरें मिलीं। इसके बाद यक्ष ऐप और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की पहचान और उनके ठिकानों के बारे में जानकारी जुटाई गई। पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि घटना में गोंडा जिले के रहने वाले दो सगे भाई सलमान और आरिफ शामिल हैं। दोनों के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी। गांधी घाट के पास हुई मुठभेड़ 24 सितंबर की रात क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम और फखरपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से दिबियापुर की ओर से भागला चौराहे की तरफ जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम गांधी घाट भागल गांव के पास पहुंची। पुलिस के मुताबिक, कुछ देर बाद सामने से एक मोटरसाइकिल पर दो लोग आते दिखाई दिए। टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बाइक सवारों में से एक ने पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस का कहना है कि आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि भाग रहे दूसरे आरोपी को भी पीछा कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में घायल आरोपी की पहचान सलमान पुत्र सलीम निवासी उज्जैनी जमाल, मौजा जामदरा, थाना कोतवाली देहात, जनपद गोंडा के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार वह वर्तमान में बहराइच नगर के नाजीरपुरा में रह रहा था। घायल सलमान को उपचार के लिए सीएचसी फखरपुर भेजा गया। दूसरे आरोपी की पहचान आरिफ उर्फ तस्लीम पुत्र सलीम के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर उनके आपराधिक नेटवर्क और पूर्व की घटनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है। तमंचा, बाइक और मंगलसूत्र बरामद पुलिस ने आरोपियों के पास से 12 बोर का देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल और एक मंगलसूत्र बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट UP43 N8838 लगी थी और वाहन चोरी का है। बरामद मंगलसूत्र को पुलिस ने चैन स्नैचिंग की घटना से संबंधित बताया है। एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण मुठभेड़ की सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास सामने आया है। उनके खिलाफ दर्ज पुराने मुकदमों की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में बरामद सामान, हथियार और वाहन को लेकर भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *