रूस-यूक्रेन युद्ध (Russia-Ukraine War) को 55 महीने पूरे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद युद्ध रुकने का नाम नहीं ले रहा है। दोनों देश एक-दूसरे पर हमले कर रहे हैं। रूस की तरफ से तो लगातार हमले किए जा रहे हैं। लगातार मिले इंटरनेशनल सपोर्ट की वजह से यूक्रेन अभी भी रूस के सामने डटा हुआ है। इसी बीच अब यूरोपीय यूनियन (European Union– EU) ने फ्रीज़ की गई रूसी संपत्ति से होने वाली कमाई यूक्रेन को दी है, जिससे रूस के खिलाफ युद्ध में उसकी मदद की जा सके। यूरोपीय यूनियन के इस फैसले पर क्रेमलिन (Kremlin) की तरफ से प्रतिक्रिया सामने आ गई है।
क्रेमलिन ने बताया गैर-कानूनी और चोरी
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव (Dmitry Peskov) ने आज एक वीडियो मैसेज में यूक्रेन को फ्रीज़ की गई रूसी संपत्तियों से होने वाली कमाई ट्रांसफर करने के यूरोपीय संघ के फैसले को गैर-कानूनी और चोरी बताया। पेस्कोव ने कहा, “हमने बार-बार इन कदमों का आकलन किया है। हमारा मानना है कि ये गैर-कानूनी हैं। हम सचमुच इसे चोरी मानते हैं और इसी नज़रिए से देखते हैं। इस मामले में हमारे रुख में कोई बदलाव नहीं आया है।”
फ्रीज़ की हुई रूसी संपत्ति से हुई कमाई का कितना हिस्सा मिला यूक्रेन को?
आज ही रूसी विदेश मंत्रालय के यूरोपीय मामलों के विभाग के निदेशक व्लादिस्लाव मास्लेनिकोव (Vladislav Maslennikov) ने बताया कि यूरोपीय यूनियन ने 2024 से अब तक रूस की फ्रीज़ की गई संपत्ति से हुई 8 बिलियन यूरो (करीब 87 हज़ार करोड़ रूपए) की कमाई यूक्रेन को ट्रांसफर की है, जिससे रूस के खिलाफ उसकी मदद की जा सके। मास्लेनिकोव ने रूस की सरकारी समाचार एजेंसी को बताया कि पिछले दो सालों से यूरोपीय यूनियन बेल्जियम स्थित डिपॉज़िटरी यूरोक्लियर में फ्रीज़ किए गए बैंक ऑफ रूस के रिज़र्व के री-इन्वेस्टमेंट से होने वाले फायदे को ज़ब्त कर रहा है।
रूस के खिलाफ आर्थिक कार्रवाई का हिस्सा
यूक्रेन के खिलाफ रूस के जंग छेड़ने के बाद कई देशों ने रूस के खिलाफ आर्थिक कार्रवाई की। रूस पर दबाव बनाने के लिए कई तरह के आर्थिक प्रतिबंध लगाए गए और इन देशों में रूसी सेंट्रल बैंक के वित्तीय भंडार, अमीर उद्योगपतियों और अधिकारियों और साथ ही संस्थाओं की भी संपत्तियाँ जब्त की गईं।


: Kremlin