मेरठ के जानी थाना क्षेत्र में मौजूद सुभारती परिसर में रहने वाले शिक्षक अशोक लोहानी (50) की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में उनकी मां कौशल्या देवी ने हत्या का आरोप लगाया है। गुरुवार को कौशल्या देवी ने एसएसपी दफ्तर में शिकायती पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच और FIR दर्ज कराने की मांग की है। मां ने अपनी पुत्रवधू रिचा समेत मृतक की बेटी हर्षा, सुभारती अस्पताल की एक महिला स्टाफ और कुछ अज्ञात लोगों पर संलिप्तता का शक जताया है। कौशल्या देवी के मुताबिक, अशोक करीब 20 साल से शिक्षक थे और वर्तमान में DPS मेरठ में कार्यरत थे। उनकी पत्नी रिचा सुभारती मेडिकल कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में वार्डन हैं। इसी वजह से उन्हें सुभारती परिसर में आवास मिला था, जहां दंपती रहता था। मां का आरोप है कि 9 सितंबर की शाम करीब 4 बजे अशोक के फांसी लगाने की बात पत्नी ने बताई, लेकिन उन्हें रात करीब 9:15 बजे जानकारी मिली। अस्पताल रिकॉर्ड के अनुसार अशोक को रात 9:53 बजे सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया गया। मां ने सवाल उठाया कि परिसर में अस्पताल होने के बावजूद इलाज में इतना समय क्यों लगा। एसएसपी ऑफिस में जनसुनवाई कर रहे अधिकारियों ने मामले की जांच सरधना सीओ को सौपी है पोस्टमार्टम रिपोर्ट का हवाला देकर हत्या का शक प्रार्थना-पत्र में कौशल्या देवी ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि मौत का कारण सिर में लगी चोट से क्रेनियो-सेरेब्रल डैमेज बताया गया है। उनका दावा है कि यह तथ्य फांसी लगाकर आत्महत्या की बात पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। कौशल्या देवी ने अशोक और रिचा के वैवाहिक विवादों का भी जिक्र किया है। उनका आरोप है कि पिछले कई वर्षों से दोनों के रिश्ते खराब थे और अशोक मानसिक तनाव में रहते थे। उन्होंने 6 सितंबर को बेटी हर्षा के जन्मदिन के बाद उसके घर आने और पिता के लिए सरप्राइज की बात कहने का भी उल्लेख किया है। मां ने जानी थाना पुलिस पर FIR दर्ज नहीं करने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को SSP से मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की है। वहीं एसएसपी दफ्तर में जनसुनवाई कर रहे अधिकारियों ने मामले की जांच सरधना सीओ को सौंपी है

