मथुरा में भैंसों से भरी पिकअप पलटी, ड्राइवर की मौत:साथी घायल, एक भैंस भी दब गई; पांच बच्चों का पिता था मृतक

मथुरा में भैंसों से भरी पिकअप पलटी, ड्राइवर की मौत:साथी घायल, एक भैंस भी दब गई; पांच बच्चों का पिता था मृतक

मथुरा के सुरीर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब 11 बजे एक पिकअप बोलेरो बेकाबू होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। यह पिकअप भैंसों को लेकर अलीगढ़ जा रही थी। इस हादसे में पिकअप के चालक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने काफी कोशिश के बाद दोनों को गाड़ी से बाहर निकाला। हादसे में एक भैंस भी पिकअप के अंदर दब गई थी, जिसे लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। पुलिस के अनुसार, शेरगढ़ निवासी शकील (40) अपने साथी राजा के साथ पिकअप बोलेरो में भैंसों को लादकर अलीगढ़ जा रहा था। राजा भरभूजा गली, शेरगढ़ का रहने वाला है। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे वे सुरीर-भदनवारा मार्ग पर मरघट के पास पहुंचे। इसी दौरान अचानक पिकअप अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खेत में पलट गई। पिकअप के पलटते ही तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। हादसे में चालक शकील और उसका साथी राजा गाड़ी के अंदर फंस गए थे। ग्रामीणों ने शीशे तोड़कर दोनों को बाहर निकाला। इसी दौरान लोगों की नजर पिकअप के अंदर दबी भैंस पर पड़ी। ग्रामीणों ने कोशिश करके भैंस को भी गाड़ी से बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलने पर सुरीर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। बताया गया कि अस्पताल ले जाते समय रास्ते में चालक शकील की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। उसके साथी राजा का इलाज चल रहा है। पुलिस ने चालक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की खबर मिलने के बाद मृतक शकील के परिवार में मातम छा गया। शकील पांच बच्चों का पिता था, उसके परिवार में दो बेटे और तीन बेटियां हैं। पुलिस ने इस हादसे की जांच शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *