अशोकनगर जिले के चंदेरी क्षेत्र के चुरारी गांव के पास एक शराब दुकान में तोड़फोड़ के मामले में बुधवार रात पुलिस ने 21 नामजद और 4-5 अन्य महिला-पुरुषों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। दुकान संचालक ने शिकायत में बताया है कि कैमरे तोड़े गए, शराब की पेटियां बाहर फेंकी गईं, मुनीम से गाली-गलौज की गई और 5 हजार रुपए गायब हो गए। कुल 1 लाख 64 हजार रुपए का नुकसान होने का आरोप है। इस मामले में महिलाओं को भी आरोपी बनाया गया है। शिकायतकर्ता भूपेंद्र सिंह यादव ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि दोपहर चुरारी-राजघाट रोड पर स्थित शराब दुकान पर अचानक कुछ लोग लाठियां लेकर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने दुकान में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान शराब की पेटियां दुकान से बाहर फेंक दी गईं और लाठी मारकर कैमरा तोड़ दिया गया। दुकान के मुनीम के साथ गाली-गलौज करने का भी आरोप है।
इन आरोपियों पर केस दर्ज
पुलिस ने शिकायत के आधार पर सुखवाती लोधी पत्नी भगवान सिंह लोधी, उमा भारती पत्नी तीर्थ सिंह अहिरवार, जजिया आदिवासी, पुष्पा पत्नी श्यामलाल अहिरवार, रजनी साहू, गुड्डी पत्नी ग्याप्रसाद अहिरवार, राम बाई अहिरवार, उसके पति धनु अहिरवार, जनवेद लोधी, नरेश लोधी, राम सिंह लोधी, भगवान सिंह लोधी, चौहान सिंह, हरि सिंह अहिरवार, बादाम सिंह अहिरवार, जयराम आदिवासी, श्यामलाल अहिरवार, चार्ली यादव, राजकुमार अहिरवार, भरोसा कोली, जोरावर उर्फ नन्ना यादव, संतराम अहिरवार और जगतार अहिरवार सहित 4-5 अन्य महिला-पुरुषों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। छात्राओं पर टिप्पणी का आरोप है
वही, तोड़फोड़ करने वाले लोगों का कहना था कि शराब दुकान के पास से ही बच्चियां स्कूल जाने के लिए निकलती हैं। उनका आरोप है कि शराब पीने वाले लोग छात्राओं पर गलत टिप्पणी करते हैं। इसी बात को लेकर महिलाएं और अन्य लोग नाराज थे। उन्होंने शराब दुकान के खिलाफ विरोध करते हुए तोड़फोड़ की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

