बस्ती में स्कूल की तीसरी मंजिल से गिरा पेंटर, मौत:भाई बोला- मौत के ढाई घंटे बाद दी सूचना, प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप

बस्ती में स्कूल की तीसरी मंजिल से गिरा पेंटर, मौत:भाई बोला- मौत के ढाई घंटे बाद दी सूचना, प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप

बस्ती में नगर थाना क्षेत्र स्थित जयपुरिया स्कूल में बुधवार को पेंटिंग करते समय एक युवक तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले बहादुरपुर सीएचसी और बाद में महर्षि वशिष्ठ मेडिकल कॉलेज से जुड़े ओपेक हॉस्पिटल कैली की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाया है। मृतक की पहचान 30 वर्षीय वेद प्रकाश के रूप में हुई है। वह कलवारी थाना क्षेत्र के शहरानपुर गांव का रहने वाला था। वेद प्रकाश जयपुरिया स्कूल में पेंटिंग का काम कर रहा था। बुधवार दोपहर करीब 3:21 बजे वह स्कूल की तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया। हादसे के बाद उसे गंभीर हालत में बहादुरपुर सीएचसी ले जाया गया। बहादुरपुर सीएचसी से वेद प्रकाश को महर्षि वशिष्ठ मेडिकल कॉलेज से जुड़े ओपेक हॉस्पिटल कैली की इमरजेंसी में रेफर किया गया। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भाई बोले- मौत शाम 5 बजे, सूचना 7:30 बजे दी मृतक के भाई सूर्य नारायण ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि हादसे की जानकारी परिवार को तत्काल नहीं दी गई। उनके अनुसार, वेद प्रकाश की कैली अस्पताल में शाम करीब 5 बजे मौत हो गई थी, जबकि स्कूल प्रबंधन की ओर से परिवार को इसकी सूचना करीब 7:30 बजे दी गई। सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल सूर्य नारायण ने स्कूल प्रबंधन पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने घटना की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, घटना के संबंध में स्कूल प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आया है। कैली अस्पताल की ओर से घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *