अंबाला के वार्ड नंबर-10 में पार्षद रमन छतवाल और दूसरे पक्ष के बीच हुए विवाद के मामले में अब घटना का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में एक व्यक्ति राजेश शर्मा पर किसी चीज से हमला करने के बाद वहां से भागता दिखाई दे रहा है। हमले के बाद राजेश शर्मा जमीन पर गिर जाते हैं और उनके सिर से खून बहता नजर आता है। हालांकि, दैनिक भास्कर इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता। मामले में BJP पार्षद रमन छतवाल की शिकायत पर पुलिस ने राजेश शर्मा, आशुतोष शर्मा, राजेश शर्मा की पत्नी, गौरव सरोहा और ओंकार सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं, इनेलो प्रदेश प्रवक्ता ओंकार सिंह ने भी पुलिस को लिखित शिकायत दी है। उनका आरोप है कि बुधवार सुबह करीब 11 बजे वह राजेश शर्मा के घर गए थे। वहां से लौटते समय पार्षद रमन छतवाल, टिंकू राणा और उनके साथियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और मारपीट करने का प्रयास किया। ओंकार बोले- जनता की आवाज उठाने पर मुकदमे दर्ज किए जा रहे ओंकार सिंह ने घटना को लेकर एक वीडियो जारी किया। इसमें उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ दोबारा मुकदमा दर्ज कराया गया है। उन्होंने कहा कि वह अंबाला कैंट की जनता की समस्याओं को उठाते हैं और इसके लिए उन्हें किसी कार्रवाई का डर नहीं है। ओंकार ने आरोप लगाया कि वार्ड-10 में रमन छतवाल, टिंकू राणा और उनके साथियों ने उनके साथ बदतमीजी करने की कोशिश की, लेकिन उनके साथियों ने उन्हें रोक दिया। ओंकार सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि राजेश शर्मा के सिर में चोट लगी है और उन्हें हार्ट अटैक भी आया, लेकिन उनकी तरफ से कार्रवाई करने के बजाय पार्षद की शिकायत पर उनके समेत अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर दिया गया। दूसरे पक्ष के 3 बड़े आरोप: बोले- कृपाण से सिर पर वार किया, मोबाइल छीना ओंकार के साथ हाथापाई का दावाः घायल राजेश शर्मा ने बताया कि वह गली में ओंकार सिंह के साथ खड़े थे। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और ओंकार के साथ हाथापाई शुरू कर दी। घटना का वीडियो बनाने पर मोबाइल छीनने का आरोपः राजेश शर्मा के मुताबिक, उन्होंने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया। उन्होंने बताया कि मोबाइल अभी दूसरे पक्ष के पास है। कृपाण से सिर पर वार का आरोप, मेडिकल की मांगः राजेश शर्मा ने आरोप लगाया कि इसी दौरान उनके सिर पर कृपाण से वार किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के कुछ लोग नशे में थे, उनका मेडिकल कराने की मांग की, ताकि उनकी स्थिति स्पष्ट हो सके। पार्षद के 3 बड़े दावे: तलवार से हमला करने की कोशिश रुटीन निरीक्षण पर निकले थेः BJP पार्षद रमन छतवाल ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि वह रूटीन निरीक्षण के लिए वार्ड में निकले थे। इसी दौरान ओंकार 8-10 लोगों के साथ आया और गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि भाजपा और मंत्री को लेकर आपत्तिजनक बातें कहीं। तलवार मारने की कोशिश, ईंट-पत्थर बरसाएः रमन छतवाल का आरोप है कि गाली-गलौज का कारण पूछने पर दो लोग घर के अंदर से बड़ी तलवार लेकर बाहर आए और उन पर हमला करने की कोशिश की।उनके दोस्त कुलविंदर सिंह ने उन्हें बचाया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने उन पर ईंट-पत्थर भी बरसाए। दोस्त के सिर में ईंट और पेट में चाकू लगने का दावाः छतवाल का दावा है कि कुलविंदर के सिर के बीच में ईंट मारी गई, पेट में चाकू लगा और बाजू में भी चोट आई। पार्षद ने कहा कि कुलविंदर मौके पर नहीं होता तो उनकी जान बचना मुश्किल था। अस्पताल में भी भिड़ गए थे दोनों पक्ष बुधवार को अजीत नगर में विवाद के बाद दोनों पक्षों के घायल सिविल अस्पताल पहुंचे थे। यहां पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच दोबारा हंगामा हो गया था। दोनों पक्षों से कुल तीन लोगों का अस्पताल में उपचार हुआ था। बाद में राजेश शर्मा को उनके परिजन चंडीगढ़ PGI ले गए। पुलिस जांच में जुटी महेशनगर थाना पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतें और बयान लिए जा रहे हैं। पुलिस मामले से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

