The Burning Bus: नवा रायपुर में बुधवार को उस वक्त हड़कंपमच गया, जब छत्तीसगढ़ मंत्रालय महानदी भवन के पास कर्मचारियों से भरी एक चलती बस में अचानक आग लग गई। बस के पिछले हिस्से से धुआं उठता देख अंदर बैठे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। आग तेजी से फैलने के बाद कई कर्मचारियों ने बस से उतरकर तो कुछ ने कूदकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के मुताबिक बस में 30 से अधिक कर्मचारी सवार थे। सभी काम खत्म होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। बस जैसे ही महानदी भवन के पास पहुंची, उसके इंजन और पिछले हिस्से की तरफ से अचानक तेज धुआं निकलने लगा। बस में धुआं भरने से कर्मचारियों को सांस लेने में परेशानी होने लगी।इस बीच ड्राइवर ने बस रोक दी। देखते ही देखते धुएं ने आग का रूप ले लिया।
आग की लपटें तेज होते ही बस में मौजूद कर्मचारियों में भगदड़मच गई। कुछ कर्मचारी दरवाजे से बाहर निकले, तो कुछ ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने भी कर्मचारियों को बस से बाहर निकलने में मदद की। कुछ ही देर में पूरी बस आग की चपेट में आ गई।
पुलिस और दमकल विभाग को हादसे की सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। साथ ही पुलिस ने सड़क पर दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही कुछ समय के लिए रोक दी। दमकल कर्मियों की मशक्कत के बाद बस में लगी आग पर काबू पाया गया।फिलहाल बस में आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

