हाथरस के सादाबाद में जनसुनवाई के दौरान एसडीएम रितु सिरोही से अभद्रता का मामला सामने आया है। एसडीएम ने जिला पंचायत सदस्य ईशान चौधरी और उनके साथ आए अज्ञात लोगों के खिलाफ कोतवाली सादाबाद में रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना बुधवार 23 सितंबर की है। जानकारी के अनुसार, एसडीएम रितु सिरोही बुधवार को सादाबाद तहसील सभागार में जनसुनवाई कर रही थीं। आरोप है कि जनसुनवाई समाप्त होने के बाद जिला पंचायत सदस्य ईशान चौधरी वहां पहुंचे। एसडीएम की शिकायत के मुताबिक, ईशान चौधरी ने उनके साथ अभद्रता की और गलत भाषा का इस्तेमाल किया। साथ ही उन पर अनुचित दबाव बनाने का प्रयास किया। एसडीएम ने शिकायत में कहा है कि सरकारी कार्य के दौरान इस तरह का व्यवहार अनुशासनहीनता है। इससे सरकारी कामकाज और प्रशासन की गरिमा प्रभावित हुई। उन्होंने पुलिस से ईशान चौधरी और उनके साथ आए अज्ञात लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। एसडीएम ने बुधवार शाम करीब 5 बजे कोतवाली सादाबाद में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। किसानों की समस्या लेकर गए थे वहीं, जिला पंचायत सदस्य ईशान चौधरी ने आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने बताया कि वह किसानों की समस्या लेकर एसडीएम के पास गए थे। उनका कहना है कि उन्होंने समस्या का समाधान कराने की बात कही थी और किसी के साथ अभद्रता नहीं की।

