रोजागार मेले में जॉब तलाशते रहे बीटेक युवा,कंपनियां नहीं आईं:झांसी में 750 को मिला जॉब ऑफर, कम्प्यूटर साइंस वाले भी निराश होकर लौटे

रोजागार मेले में जॉब तलाशते रहे बीटेक युवा,कंपनियां नहीं आईं:झांसी में 750 को मिला जॉब ऑफर, कम्प्यूटर साइंस वाले भी निराश होकर लौटे

झांसी की बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी में बुधवार को लगे रोजगार मेले में नौकरी की उम्मीद लेकर पहुंचे कई युवाओं को निराशा हाथ लगी। युवाओं का कहना था कि जिन कंपनियों का नाम देखकर वे रोजगार मेले में पहुंचे थे, उनके प्रतिनिधि ही नहीं आए। कुछ युवाओं ने यह भी शिकायत की कि बीटेक और तकनीकी योग्यता होने के बावजूद उन्हें उनकी पढ़ाई से जुड़ी नौकरी नहीं मिली। इससे नाराज अभ्यर्थियों ने आयोजकों की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इसे केवल दिखावा बताया। वहीं, सेवायोजन कार्यालय का कहना है कि मेले में 1500 पदों के लिए 35 कंपनियों को बुलाया गया था। इनमें से 30 कंपनियों के प्रतिनिधि पहुंचे। पांच कंपनियां खराब मौसम के कारण नहीं आ सकीं। कार्यालय के अनुसार, रोजगार मेले में 750 युवाओं को जॉब ऑफर मिला है। 35 कंपनियों को आना था, 30 पहुंचीं सेवायोजन कार्यालय ने 1M1B संस्था के साथ मिलकर बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी कैंपस में रोजगार मेले का आयोजन किया था। इसमें टाटा मोटर्स, हीरो ग्रुप, एमआरएफ, सोनालिका ग्रुप समेत 35 छोटी-बड़ी कंपनियों को शामिल होना था। इन कंपनियों में करीब 1500 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया होनी थी। रोजगार मेले में स्किल्ड युवाओं के साथ फ्रेशर, हालिया ग्रेजुएट और पासआउट अभ्यर्थियों को भी मौका दिया गया। बड़ी संख्या में युवा यहां पहुंचे। अभ्यर्थियों ने अपनी रुचि की कंपनियों में रजिस्ट्रेशन कराया। इसके बाद इंटरव्यू और शॉर्टलिस्टिंग की प्रक्रिया हुई। सेवायोजन कार्यालय के मुताबिक पूरी प्रक्रिया के बाद 750 युवाओं को जॉब ऑफर मिला। बीटेक वालों ने कहा-जॉब देने वालीं कंपनी ही नहीं आई
रोजगार मेले में पहुंचे बीटेक पास युवाओं ने तकनीकी पदों पर अवसर नहीं मिलने की शिकायत की। बीटेक पास शुभम कुमार वर्मा ने बताया कि वह बड़ी कंपनियों के नाम देखकर रोजगार मेले में आए थे। उन्होंने कहा कि कंपनी के स्टॉल पर पहुंचने के बाद नौकरी देने से मना कर दिया गया। शुभम ने सवाल उठाया कि बीटेक पास युवाओं के लिए यहां नौकरी के अवसर क्यों नहीं हैं। कंप्यूटर डेटा साइंस में बीटेक पास कुमकुम भी अपनी दोस्त के साथ रोजगार मेले में पहुंची थीं। उन्होंने बताया कि तकनीकी जॉब के लिए कोई कंपनी नहीं आई। उन्होंने नॉन-टेक्निकल जॉब के लिए भी प्रयास किया, लेकिन वहां भी इंटरव्यू में शामिल नहीं किया गया। कुमकुम के मुताबिक कंपनी की ओर से कहा गया कि बीटेक से अलग कोई बेहतर स्किल हो तो बताएं। उन्होंने कहा कि अगर ज्यादा स्किल की जरूरत है तो उसके हिसाब से वेतन भी बेहतर होना चाहिए। कंप्यूटर साइंस पढ़ी, लेकिन इससे जुड़ी नौकरी नहीं मिली
झांसी की करिश्मा खान भी रोजगार मेले में नौकरी की उम्मीद लेकर पहुंचीं। उन्होंने कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई की है। करिश्मा ने बताया कि पूरे रोजगार मेले में अपनी पढ़ाई से जुड़ी कंपनी तलाश की, लेकिन उन्हें ऐसी कोई कंपनी नहीं मिली। दूसरी फील्ड में नौकरी के लिए प्रयास किया तो वहां उन्हें यह कहते हुए आवेदन से रोक दिया गया कि वह उस पद के लिए पात्र नहीं हैं। सात साल का अनुभव, फिर भी फ्रेशर का ऑफर
मऊरानीपुर निवासी अजय प्रताप सिंह रोजगार मेले में नौकरी की तलाश में पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि उन्होंने आईटीआई, डिप्लोमा, कंप्यूटर डिप्लोमा और ग्रेजुएशन किया है। उन्हें जानकारी मिली थी कि टाटा मोटर्स, हीरो और मिंडा जैसी कंपनियां प्लेसमेंट के लिए आ रही हैं।
अजय ने बताया कि वह सुबह 6 बजे ट्रेन से निकले थे। पूरे दिन इंतजार करने के बावजूद जिन कंपनियों के नाम सुनकर वह आए थे, उनके प्रतिनिधि नहीं मिले। दूसरी कंपनी में आवेदन किया तो उन्हें फ्रेशर के तौर पर रखने की बात कही गई।
अजय ने बताया कि उनके पास करीब सात साल का अनुभव है। इसके बावजूद 12 से 14 हजार रुपए की नौकरी ऑफर की जा रही थी। उनका कहना था कि इतनी कम सैलरी में बाहर जाकर रहना भी मुश्किल होगा। उन्होंने कहा कि अगर रोजगार मेले में केवल फ्रेशर को प्राथमिकता देनी थी तो इसकी जानकारी पहले ही दी जानी चाहिए थी। खराब मौसम से पांच कंपनियां नहीं आ सकीं
सेवायोजन कार्यालय के असिस्टेंट डायरेक्टर वसीम मोहम्मद ने बताया कि 1500 वैकेंसी के लिए 35 कंपनियों को आना था। खराब मौसम के कारण पांच कंपनियां नहीं आ सकीं। उन्होंने बताया कि मेले में युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार देने के लिए उपलब्ध कंपनियों के माध्यम से चयन प्रक्रिया कराई गई। अनुभवी युवाओं के चयन को लेकर उन्होंने कहा कि अनुभवी अभ्यर्थियों का दूसरी जगह चयन होने की संभावना रहती है, इसलिए रोजगार मेले में फ्रेशर युवाओं को प्राथमिकता दी गई। उन्होंने बताया कि जो कंपनियां नहीं आ सकीं, उनके इंटरव्यू के लिए दूसरी कंपनियों में भी अभ्यर्थियों को अवसर दिया गया। सेवायोजन कार्यालय के अनुसार मेले में 750 युवाओं को जॉब ऑफर मिला है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *