पाली जिले के रानी में एक युवक 100 फीट ऊंटी टंकी पर चढ़ गया। उसने वहां से कूद जाने की धमकी दी। उसकी इस हरकत से प्रशासन सकते में आ गया। युवक ने फाइनेंस पर ट्रैक्टर लिया था। समय पर किश्न नहीं भरने के कारण फाइनेंस वाले ट्रैक्टर ले गए। इससे नाराज युवक ने यह कदम उठाया। मामला पाली जिले के रानी में मंगलवार शाम को हुआ। यहां जयपुर ग्रामीण क्षेत्र का एक युवक काम करता है। जिसने फाइनेंस पर कुछ महीने पहले ट्रैक्टर लिया था। इस महीने की किश्त समय पर नहीं भर सका। ऐसे में फाइनेंस वाले उसका ट्रैक्टर जब्त कर ले गए। इससे आहत होकर युवक धर्मवीर मैदान में बनी पानी की टंकी पर चढ़ गया और नीचे कूदने की धमकी देने लगा। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। लोगों ने फाइनेंस वाले और पुलिस को कॉल किया। फाइनेंस वाले ट्रैक्टर लेकर मौके पर पहुंचे। रानी थाना पुलिस ने युवक को समझाया। फाइनेंस वाले ने युवक को किश्त भरने के लिए 10 से 15 दिन की मोहलत दी और ट्रैक्टर देकर चले गए। इसके बाद युवक टंकी से उतरा।

