कौशांबी में आयुर्वेद दिवस पर 184 मरीजों को परामर्श मिला:’स्वास्थ्य कल के लिए आयुर्वेद’ थीम पर जनप्रतिनिधियों ने दिया जोर

कौशांबी में आयुर्वेद दिवस पर 184 मरीजों को परामर्श मिला:’स्वास्थ्य कल के लिए आयुर्वेद’ थीम पर जनप्रतिनिधियों ने दिया जोर

कौशांबी के विकास भवन स्थित सरस हॉल में बुधवार दोपहर 3 बजे 11वां आयुर्वेद दिवस मनाया गया। इस साल कार्यक्रम की थीम ‘स्वास्थ्य कल के लिए आयुर्वेद’ रखी गई थी। कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने आयुर्वेद को भारतीय विरासत बताते हुए इसे लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य, निवर्तमान विधायक संजय कुमार गुप्ता, उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा और मंझनपुर नगर पालिका अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार फौजी शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि आयुर्वेद हमारी प्राचीन चिकित्सा पद्धति और विरासत है। उन्होंने बताया कि रसोई में इस्तेमाल होने वाले कई मसालों में भी औषधीय गुण होते हैं। स्वस्थ जीवन के लिए लोगों को आयुर्वेद को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। इस दौरान औषधि-मसाला, औषधि वितरण, औषधीय पौधे और योग से संबंधित स्टॉल लगाए गए। यहां लोगों को आयुर्वेदिक दवाइयों, पौधों और योग के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारियों ने करीब 184 मरीजों को परामर्श और उपचार दिया। यह कार्यक्रम शाम 5 बजे तक चला। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी सुमन कुशवाहा और जिला होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. शगुफ्ता जवी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *