करौली के शिकारगंज इलाके में 20 सितंबर को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 10 साल के बच्चे की मंगलवार को जयपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद बच्चे को करौली जिला अस्पताल से गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया था। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और इलाके में शोक फैल गया। जानकारी के मुताबिक, शिकारगंज की आदर्श कॉलोनी निवासी कप्तान (10) पुत्र भगवान सिंह जाटव 20 सितंबर को शिकारगंज इलाके में सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में बच्चा बुरी तरह घायल हो गया। दुर्घटना के बाद परिजन उसे तुरंत करौली जिला अस्पताल ले गए। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जयपुर रेफर कर दिया। परिजन उसे जयपुर के अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने बुधवार को कोतवाली थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

