मऊ में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिला सेवायोजन कार्यालय मऊ 26 सितंबर को एक रोजगार मेले का आयोजन कर रहा है। यह मेला संत गणिनाथ राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मुहम्मदाबाद गोहना में सुबह 10 बजे से शुरू होगा। जिला सेवायोजन अधिकारी अरविंद पांडेय ने बताया कि इस मेले का मकसद जिले के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में नौकरी दिलाना है। मेले में करीब 15 से 20 टेक्निकल और नॉन-टेक्निकल निजी कंपनियां हिस्सा लेंगी। ये कंपनियां अलग-अलग पदों के लिए करीब 4200 खाली जगहों पर उम्मीदवारों का चयन करेंगी। इस रोजगार मेले से अलग-अलग योग्यता वाले युवाओं को निजी क्षेत्र में नौकरी के मौके मिलेंगे। जिला सेवायोजन अधिकारी ने यह भी बताया कि रोजगार मेले में शामिल होने वाले सभी उम्मीदवारों के लिए रोजगार संगम पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी है। केवल रजिस्टर्ड उम्मीदवारों का ही कैंपस सेलेक्शन रोजगार संगम पोर्टल के जरिए होगा। इच्छुक उम्मीदवार रजिस्ट्रेशन करके रोजगार मेले में शामिल हो सकते हैं। मेले से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए किसी भी वर्किंग डे पर जिला सेवायोजन कार्यालय, मऊ से संपर्क किया जा सकता है।

