संतकबीरनगर में नई डीएम अनुज मलिक ने बुधवार को अपना पदभार संभाल लिया है। उन्होंने कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार पहुंचकर जरूरी कागजों पर दस्तखत किए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी और वरिष्ठ कोषाधिकारी त्रिभुवन लाल भी मौजूद थे। अनुज मलिक 2017 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। इससे पहले वह गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) की मुख्य कार्यपालक अधिकारी और कुशीनगर की मुख्य विकास अधिकारी समेत कई प्रशासनिक पदों पर काम कर चुकी हैं। पदभार संभालने के बाद डीएम अनुज मलिक ने कलेक्ट्रेट कक्ष में जिले के अधिकारियों के साथ एक परिचय बैठक की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सरकार की नीतियों और जनता के लिए बनी योजनाओं को जमीन पर 100% लागू किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि आम जनता की समस्याओं को सुनकर उनका तय समय में और अच्छी तरह से समाधान किया जाए। डीएम ने साफ किया कि जनसमस्याओं का तुरंत समाधान और योजनाओं को अच्छे से लागू करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से जिम्मेदारी और सहयोग के साथ काम करने की उम्मीद जताई।

