पलवल के नेशनल हाईवे-19 पर एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बहरोला गांव के पास फ्लाईओवर पर एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। मृतक युवक की पहचान अभिषेक के तौर पर हुई है। वह फरीदाबाद से अपने घर मथुरा (यूपी) लौट रहा था। सदर थाना पुलिस के मुताबिक, अभिषेक, जिला एटा (यूपी) के पवहा गांव का रहने वाला था। वह फरीदाबाद में अपने साढू के घर से अपनी बाइक पर मथुरा जा रहा था। मंगलवार देर शाम परिजनों को सूचना मिली कि पलवल के बहरोला गांव के पास फ्लाईओवर पर अभिषेक की बाइक एक ट्रक से टकरा गई है। परिजनों ने मोर्चरी पहुंचकर की शव की शिनाख्त हादसे में अभिषेक को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजन पहले हादसे वाली जगह और फिर पलवल के जिला नागरिक अस्पताल की मोर्चरी पहुंचे। उन्होंने शव की पहचान अभिषेक के तौर पर की। अभिषेक के पिता पप्पू सिंह ने आरोप लगाया है कि ट्रक को लापरवाही से सड़क पर खड़ा किया गया था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पप्पू सिंह की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बुधवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस अब ट्रक ड्राइवर की तलाश कर रही है।

