Sourav Ganguly On Salman Khan: क्रिकेट के मैदान पर अपनी कप्तानी और आक्रामक अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले सौरव गांगुली अब रियलिटी शो के मंच पर एक नए अंदाज में नजर आ रहे हैं। करीब एक दशक तक बंगाली शो ‘दादागिरी अनलिमिटेड’ को होस्ट करने के बाद सौरव गांगुली ने अब ‘बिग बॉस बांग्ला सीजन 3’ की कमान संभाली है। शो की मेजबानी को लेकर उनसे जब सलमान खान से तुलना और उनसे टिप्स लेने के बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने साफ कर दिया कि वह सलमान की नकल नहीं करेंगे।
होस्टिंग सीखने के सवाल पर क्या बोले सौरव
‘बिग बॉस’ का नाम आते ही सलमान खान और उनका ‘वीकेंड का वार’ दर्शकों के जेहन में आ जाता है। लंबे समय से सलमान इस शो के हिंदी वर्जन की मेजबानी करते आ रहे हैं। वहीं ‘बिग बॉस बांग्ला’ में वीकेंड एपिसोड को ‘दादार दरबार’ के नाम से पेश किया जा रहा है।
‘वेरायटी इंडिया’ से बातचीत में सौरव से पूछा गया कि क्या उन्होंने सलमान खान को देखकर होस्टिंग के लिए कुछ सीखा या उनके तरीके को समझने की कोशिश की। इस पर पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा कि सलमान का अपना अलग व्यक्तित्व और होस्टिंग स्टाइल है। वह उसी अंदाज में शो नहीं चला सकते, क्योंकि दोनों की शख्सियत अलग है। सौरव के मुताबिक हर होस्ट अपनी पर्सनैलिटी के हिसाब से दर्शकों से जुड़ता है और वह भी शो को अपने तरीके से पेश करेंगे।
सलमान से सिर्फ एक बार हुई है मुलाकात
सौरव गांगुली ने यह भी बताया कि उनकी सलमान खान से बहुत ज्यादा व्यक्तिगत मुलाकातें नहीं हुई हैं। उन्होंने कहा कि दोनों की मुलाकात सिर्फ एक बार कोलकाता के एक कार्यक्रम में हुई थी। इसके अलावा उन्होंने सलमान के साथ ‘बिग बॉस’ के सेट पर कभी बातचीत नहीं की।
हालांकि, सौरव ने सलमान को शो होस्ट करते हुए जरूर देखा है। ऐसे में दोनों के होस्टिंग अंदाज को लेकर तुलना होना स्वाभाविक है, लेकिन सौरव ने साफ किया कि वह अपने अनुभव और व्यक्तित्व के आधार पर ‘बिग बॉस बांग्ला’ को आगे बढ़ाएंगे।
10 साल बाद बदला शो, क्यों लिया नया फैसला?
सौरव गांगुली के लिए रियलिटी शो की दुनिया नई नहीं है। वह करीब 10 वर्षों तक ‘दादागिरी अनलिमिटेड’ की मेजबानी करते रहे हैं। यही वजह है कि नए शो की जिम्मेदारी स्वीकार करने में उन्हें थोड़ा समय लगा।
सौरव ने बताया कि इतने लंबे समय तक एक ही शो से जुड़े रहने के बाद उन्हें लगा कि अब कुछ नया करने का वक्त आ गया है। ‘बिग बॉस बांग्ला’ से जुड़ना उनके लिए एक अलग तरह का अनुभव है। क्रिकेट के बाद टीवी की दुनिया में उन्होंने पहले ही अपनी खास पहचान बना ली थी और अब वह एक और लोकप्रिय रियलिटी फॉर्मेट के साथ दिखाई दे रहे हैं।
30 अगस्त से शुरू हुआ बिग बॉस बांग्ला
‘बिग बॉस बांग्ला सीजन 3’ का प्रीमियर 30 अगस्त 2026 को हुआ। यह शो करीब 10 साल के अंतराल के बाद बंगाली दर्शकों के बीच वापस आया है। सौरव गांगुली के जुड़ने के कारण भी शो को लेकर शुरुआत से ही दर्शकों में खास दिलचस्पी देखने को मिली। अब देखना यह है कि क्रिकेट के मैदान पर अपनी पहचान बनाने वाले ‘दादा’ रियलिटी शो के मंच पर किस तरह का अपना अंदाज कायम करते हैं।

