कानपुर देहात में 70 साल की एक बुजुर्ग महिला अपने ही परिवार से इंसाफ की गुहार लगा रही है। सावित्री देवी ने बुधवार डीएम और एसपी से शिकायत कर अपनी जमीन वापस दिलाने की मांग की है। महिला का आरोप है कि उनके पति को बहला-फुसलाकर परिवार के लोगों ने जमीन का बैनामा अपने नाम करा लिया। जमीन हाथ से जाने के बाद अब उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। यह मामला कानपुर देहात के सट्टी थाना क्षेत्र के कथरी गांव का है। करीब 70 वर्षीय सावित्री देवी पत्नी भगोती प्रसाद का कहना है कि उनका कोई बेटा नहीं है। उनकी एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है। ऐसे में पति के नाम की जमीन ही उनके जीवन-यापन का मुख्य सहारा थी। सावित्री देवी ने शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके पति के भतीजे समर्थ सिंह पुत्र शिवबालक ने उनके पति को बहला-फुसलाकर अपने पास रख लिया। इसके बाद उनकी जमीन अपने नाम बैनामा करा ली। महिला का कहना है कि जमीन के सहारे ही वह किसी तरह अपना गुजर-बसर कर रही थीं, लेकिन अब यह सहारा भी छिन गया है। बुजुर्ग महिला का आरोप है कि जमीन को लेकर आपत्ति जताने पर उन्हें और उनके पति को परेशान किया जा रहा है। शिकायत में उन्होंने बताया कि समर्थ सिंह शराब पीकर उनके साथ गाली-गलौज करता है और जान से मारने की धमकी भी देता है। महिला ने अधिकारियों से मामले में कार्रवाई कर उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है। सावित्री देवी ने बैनामे पर आपत्ति भी दर्ज करा दी है। अब प्रशासन की जांच के बाद ही साफ होगा कि जमीन का बैनामा किन परिस्थितियों में हुआ और उसमें कोई गड़बड़ी हुई या नहीं। वहीं, डीएम कपिल सिंह ने बताया कि बुजुर्ग महिला की शिकायत को एसडीएम भोगनीपुर के पास भेजा गया है। मामले की जांच कराई जाएगी और जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

