चंदौली के नौगढ़ कस्बा बाजार में बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया। घर के बाहर पोखरे के किनारे खेल रहा चार साल का मासूम अचानक पानी में गिर गया। डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। जानकारी के अनुसार, इरफान पुत्र जिलानी अपने घर के बाहर पोखरे के पास खेल रहा था। खेलते समय वह अचानक पोखरे की सीढ़ी से फिसल गया और पानी में जा गिरा। परिजनों को जब बच्चे के दिखाई नहीं देने पर चिंता हुई तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान परिवार के लोग पोखरे के पास पहुंचे। वहां इरफान पानी में मिला। परिजन उसे तत्काल बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया सीएचसी नौगढ़ में चिकित्सकों ने जांच के बाद इरफान को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना से कस्बे में भी शोक का माहौल है। नौगढ़ थाना अध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने शव का पंचनामा किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मोर्चरी भेजा जाएगा। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।

