कटनी जिले की बड़वारा ग्राम पंचायत में लंबे समय से गंदा पानी सप्लाई होने से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पानी सप्लाई करने वाले बोरवेल के आसपास गंदगी और जलभराव है। बारिश और नालियों का पानी रिसकर बोरवेल में पहुंच रहा है। इसी पानी को बिना साफ किए गांव के वार्डों में सप्लाई किया जा रहा है। बोरवेल के आसपास गंदगी और जलभराव ग्रामीण लाला तिवारी ने बताया कि बोरवेल के आसपास लंबे समय से पानी भरा है। गंदगी के कारण यहां से बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि बोरवेल के आसपास सुरक्षा दीवार बनाने और सफाई कराने की मांग कई बार पंचायत अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से की गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। गंदा पानी पीने को मजबूर ग्रामीण ग्रामीणों के मुताबिक गांव में साफ पानी का दूसरा इंतजाम नहीं है। इसलिए लोग इसी पानी का इस्तेमाल कर रहे हैं। उनका कहना है कि बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य को लेकर ज्यादा चिंता है। ग्रामीणों ने जल्द बोरवेल की सफाई और शुद्ध पानी की व्यवस्था कराने की मांग की है। समस्या हल नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द साफ पानी की व्यवस्था नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा। बुधवार को स्थानीय लोगों ने पानी की व्यवस्था का विरोध भी जताया। मामले में सरपंच सुनैना बाई ने कहा कि समस्या को जल्द से जल्द हल किया जाएगा।

